मखौड़ा के बाद अब झुंगीनाथ में चलेगा समाजसेवी चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ के नेतृत्व में मनोरमा सफाई अभियान

मखौड़ा के बाद अब झुंगीनाथ में चलेगा समाजसेवी चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ के नेतृत्व में मनोरमा सफाई अभियान

 

हर्रैया (बस्ती)। पौराणिक एवं धार्मिक महत्व की मनोरमा नदी को स्वच्छ बनाने के लिए चल रहे जनजागरण अभियान के क्रम में जनपद के चर्चित समाजसेवी व वरिष्ठ भाजपा नेता चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ ने आज महाभारत कालीन पंडूलघाट स्थित झुंगीनाथ शिव मंदिर के पास पहुंचकर नदी की स्थिति का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि नदी का अधिकांश भाग जलकुंभी व विभिन्न प्रकार के अपशिष्ट पदार्थों से ढका हुआ है, जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को आचमन व स्नान जैसे धार्मिक कार्यों के लिए नदी के स्थान पर नल के पानी का सहारा लेना पड़ रहा है। कई धार्मिक अनुष्ठानों में भी श्रद्धालुओं को दूषित जल का प्रयोग करने के लिए विवश होना पड़ रहा है।

 

श्री पाण्डेय ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा चैत्र रामनवमी के पूर्व मखौड़ाधाम, शिवाला घाट, तपसीधाम, झुंगीनाथ व पंडूलघाट सहित अन्य पौराणिक महत्व के स्थलों के आसपास लगभग 10 से 12 किलोमीटर क्षेत्र में मनोरमा नदी की सफाई कराने का आश्वासन दिया गया था, किन्तु अभी तक न तो सफाई कार्य मका र्ययोजना दिखाई दे रही है।

 

उन्होंने बताया कि प्रशासन को सहयोग देने के अपने संकल्प के क्रम में अब 18 मार्च से झुंगीनाथ के पास मनोरमा नदी की सफाई का जनसहयोग आधारित अभियान प्रारम्भ किया जाएगा। यह अभियान ठीक उसी प्रकार चलाया जाएगा, जैसे हाल ही में मखभूमि मखौड़ा धाम में जनसहयोग से सफलतापूर्वक सफाई अभियान चलाकर मनोरमा नदी की स्थिति में सकारात्मक परिवर्तन लाया गया था।

 

श्री पाण्डेय ने कहा कि संभव है कि हमारे इस प्रयास से जिम्मेदार लोग भी जागें और नदी की व्यापक सफाई के लिए आगे आएं। उन्होंने क्षेत्र के युवाओं, श्रद्धालुओं एवं आम जनमानस से इस पुण्य कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि दूषित जल का दुष्प्रभाव सीधे स्थानीय समाज के स्वास्थ्य पर पड़ता है। ऐसे में स्वच्छ जलाशय और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सभी को आगे आना होगा।

 

ज्ञात हो कि श्री पाण्डेय के प्रयास से होली के पूर्व मखौड़ा क्षेत्र में सैकड़ों युवाओं ने लगातार एक सप्ताह तक सफाई अभियान चलाकर मनोरमा नदी की तस्वीर बदलने का कार्य किया, जिसकी क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।