कप्तानगंज मण्डल में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारम्भ

कप्तानगंज मण्डल में पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग का शुभारम्भ

सात सत्रों में कार्यकर्ताओं को मिलेगा वैचारिक व संगठनात्मक प्रशिक्षण

 

बस्ती। भारतीय जनता पार्टी द्वारा मण्डलों में आयोजित किए जा रहे पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण वर्ग महाअभियान के अंतर्गत शनिवार को कप्तानगंज मण्डल में प्रशिक्षण वर्ग का शुभारम्भ हुआ। दो दिवसीय इस प्रशिक्षण वर्ग में कुल सात सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें से चार सत्र शनिवार को सम्पन्न हो गए, जबकि शेष तीन सत्र रविवार को आयोजित किए जाएंगे।

प्रशिक्षण वर्ग के लिए स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है तथा सभी सत्रों का संचालन डिजिटल माध्यम से पीपीटी के जरिए किया जा रहा है। प्रतिभागी कार्यकर्ताओं के लिए भोजन, जलपान एवं रात्रि विश्राम की समुचित व्यवस्था भी की गई है। वर्ग में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं का पंजीकरण भारतीय जनता पार्टी की आईटी सेल द्वारा ऑनलाइन माध्यम से किया गया।

उद्घाटन सत्र में वक्ता के रूप में अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र गौड़ ने “भाजपा का इतिहास एवं विकास” विषय पर विस्तार से अपने विचार व्यक्त किए। दूसरे सत्र में पूर्व विधायक सीए चन्द्र प्रकाश शुक्ल ने “अपनी सरकार की उपलब्धियां एवं क्रियान्वयन” विषय पर केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।

तीसरे सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने “बूथ प्रबंधन, मन की बात, टिफिन बैठक एवं बूथ स्तरीय स्थायी कार्यक्रम” विषय पर कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने के व्यावहारिक तरीके बताए। चौथे सत्र में पूर्व जिला मीडिया प्रभारी अमृत कुमार वर्मा ने “सोशल मीडिया, नमो ऐप, सरल ऐप एवं एआई के उपयोग” विषय पर डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग के बारे में मार्गदर्शन दिया।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष विवेकानन्द मिश्र ने कहा कि जब कार्यकर्ता प्रशिक्षित होता है तो उसका सामाजिक स्तर, बोलचाल और अपनी बात को प्रभावी ढंग से रखने की क्षमता विकसित होती है। प्रशिक्षण से कार्यकर्ता की पहचान और संगठन के प्रति उसकी प्रतिबद्धता और मजबूत होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता मण्डल अध्यक्ष गौरव मणि त्रिपाठी ने की। प्रशिक्षण वर्ग में वर्ग प्रभारी सुनील सिंह, प्रमोद चौधरी गिल्लम, गजेन्द्र मणि त्रिपाठी, राजेश त्रिपाठी, श्रुति कुमार अग्रहरी, रवि तिवारी, शशि कपूर पटेल, विनोद चौधरी, अंकुर मिश्र, अनीता अग्रहरी, शिव बहादुर मौर्य, मनोज ओझा, राम नयन, मनोज तिवारी सहित अपेक्षित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।