महंगाई की मार: घरेलू सिलेंडर ₹60 और कमर्शियल ₹120 महंगा, ‘आप’ ने मोदी सरकार को घेरा

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या, 9 मार्च 2026 आम आदमी पार्टी ने रसोई गैस और कमर्शियल सिलेंडरों के दामों में हुई भारी वृद्धि को लेकर केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। सोमवार को प्रेस क्लब अयोध्या में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि सरकार की ‘अमेरिका-परस्त’ नीतियों के कारण देश की जनता महंगाई की आग में झुलस रही है। जनता पर बढ़ा आर्थिक बोझ: विनय पटेल आम आदमी पार्टी के अयोध्या प्रांत अध्यक्ष विनय पटेल ने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर के दाम में ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर में ₹120 की बढ़ोतरी जनता के लिए मोदी सरकार का ‘नया तोहफा’ है। उन्होंने कहा यह महंगाई किसी वैश्विक संकट का परिणाम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री की गलत नीतियों का नतीजा है। सरकार ने जानबूझकर आम आदमी की कमर तोड़ने का काम किया है। विदेश नीति पर उठाए सवाल प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला प्रभारी संजीव निगम ने सरकार की विदेश नीति को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि ईरान जैसे पुराने और भरोसेमंद मित्र देशों से रिश्ते खराब करना भारत की ऊर्जा सुरक्षा के लिए खतरा है। उन्होंने याद दिलाया कि ईरान ने हमेशा भारत को सस्ती दरों पर तेल दिया, लेकिन वर्तमान सरकार ने राष्ट्रीय स्वाभिमान को ताक पर रख दिया है। स्वाभिमान गिरवी रखने का आरोप
अयोध्या जिलाध्यक्ष एडवोकेट अनिल प्रजापति ने कड़े शब्दों में कहा कि जिस आजादी को क्रांतिकारियों ने बलिदान देकर हासिल किया था, उसे आज अमेरिका के हाथों गिरवी रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार उस देश (अमेरिका) के सुर में सुर मिला रही है, जिसका विरोध वहां की जनता खुद सड़कों पर उतरकर कर रही है।
बैठक में मुख्य उपस्थिति:
इस अवसर पर मोहम्मद इसराइल, गुडिया राईन, संदीप पटेल, शारजाह मास्टर, गायत्री मिश्रा, कुलभूषण साहू, सत्यप्रकाश मौर्या, दिलीप वर्मा, अखिलेश कुमार, राजीव पाठक, संजय पाठक, रघुनाथ प्रसाद और आलोक द्विवेदी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।