कुंडा के शिवपुरम में लाखों की चोरी: बंद मकान से 97 हजार नकद, 7 लाख के जेवरात गायब
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
कुंडा कस्बे के शिवपुरम मोहल्ले में देर रात एक बड़ी चोरी की वारदात हुई। अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया और लगभग 97 हजार रुपये नकद तथा 7 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण चुरा लिए। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के अनुसार, शिवपुरम निवासी सुधा मिश्रा अपने बच्चों के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए घर से बाहर गई हुई थीं। घर खाली होने का फायदा उठाकर चोर देर रात मकान का ताला तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने घर के अंदर अलमारी, संदूक और दराजों को खंगाल डाला। वे कीमती जेवरात और नकदी लेकर मौके से फरार हो गए। रविवार सुबह जब सुधा मिश्रा परिवार सहित घर लौटीं, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखकर उनके होश उड़ गए। घर के अंदर का दृश्य देखकर परिवार स्तब्ध रह गया, जहां सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। इंस्पेक्टर मनोज पांडेय ने बताया कि सूचना मिलने पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। हालांकि, इस वारदात ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।