महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री तेज नारायण पांडे ‘पवन’ ने अयोध्या महानगर के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात की। कलेक्ट्रेट सभागार में हुई इस बैठक के दौरान पूर्व मंत्री ने SIR (सत्यापन रिपोर्ट) के तहत जारी 95,000 नोटिसों और मतदाता सूची में आ रही व्यावहारिक दिक्कतों के संबंध में सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।
मतदाता सूची और बीएलओ की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करते हुए पूर्व मंत्री पवन पांडे ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि पुरुषोत्तम नगर वार्ड (भाग संख्या 257 और 258) में अब तक किसी बीएलओ (BLO) की तैनाती नहीं की गई है, जिससे स्थानीय मतदाताओं को भारी असुविधा हो रही है। हैदरगंज स्थित कंपोजिट विद्यालय के बूथ संख्या 111 से 114 तक के बीएलओ को आपत्तियों की कॉपी तो दे दी गई है, लेकिन निस्तारण के लिए आवश्यक फॉर्म अभी तक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। नोटिस में विवरण की कमी से भ्रम की स्थिति पूर्व मंत्री ने गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को नोटिस तो भेजे गए हैं, लेकिन उनमें नाम के आगे पिता या पति का नाम और पता दर्ज नहीं है। इस अस्पष्टता के कारण न तो मतदाता और न ही समाजवादी पार्टी के बीएलए (BLA) यह समझ पा रहे हैं कि नोटिस किस व्यक्ति के लिए है। उन्होंने मांग की कि नोटिस में पूर्ण विवरण इंगित किया जाए ताकि पारदर्शिता बनी रहे। रमजान का हवाला: ‘घर-घर जाकर हो सत्यापन’ आगामी पवित्र रमजान माह का जिक्र करते हुए पवन पांडे ने कहा कि इस दौरान महिला और पुरुष रोजे से होते हैं, इसलिए प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि बीएलओ घर-घर जाकर ही सत्यापन कार्य पूरा करें ताकि किसी को अनावश्यक भाग-दौड़ न करनी पड़े। लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता का अधिकार सर्वोपरि है। प्रशासन को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि प्रक्रिया इतनी पारदर्शी और सरल हो कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न छूटे।” — तेज नारायण पांडे ‘पवन’, पूर्व मंत्री जिलाधिकारी का आश्वासन
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि सभी बीएलओ को घर-घर जाकर सत्यापन करने के निर्देश जारी किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि ज्ञापन में उठाई गई अन्य तकनीकी समस्याओं और कमियों को आज ही दुरुस्त कर लिया जाएगा।
इस अवसर पर निवर्तमान महानगर महासचिव हामिद जाफर मीसम, उपाध्यक्ष श्रीचंद यादव और प्रवक्ता राकेश यादव एडवोकेट सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।