मखाना की खेती के लिए आयोजित होगा 02 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

मखाना की खेती के लिए आयोजित होगा 02 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम

बहराइच । जिला उद्यान अधिकारी दिनेश चौधरी ने बताया कि कैल्शियम, प्रोटीन, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स जैसे पोषक तत्वों भरपूर होने तथा हड्डियों, हृदय और पाचन के लिए अत्यन्त उपयोगी होने के कारण उद्यान विभाग द्वारा कृषको को प्रोत्साहित किये जाने के उद्देश्य से एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजनान्तर्गत मखाने की खेती को सम्मिलित किया गया है। श्री चौधरी ने बताया कि मखाना की खेती के लिए कृषकों को प्रशिक्षित करने के उद्देश्य से 09 व 10 मार्च 2026 को कृषि भवन के सभागार में 02 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रस्तावित है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में जन निर्माण केन्द्र, मुजफ्फरपुर, बिहार के निदेशक राकेश सिंह द्वारा रिर्सोस पर्सन के रूप में प्रतिभाग किया जायेगा। श्री सिंह मखाना के उत्पादक, विपणनकर्ता एवं अनुभवी उद्यमी हैं।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि कृषि भवन सभागार में आयोजित होने वाले 02 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में मखाना की खेती करने वाले दरभंगा बिहार के प्रगतिशील एवं अनुभवी कृषक भी प्रतिभाग करेंगे। प्रशिक्षण कार्यक्रम में कृषि एवं उद्यान विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक भी मौजूद कृषकों को उपयोगी जानकारी प्रदान करेंगे। श्री चौधरी ने जनपद के कृषकों से अपेक्षा की है कि अधिकाधिक संख्या में प्रशिक्षण में शामिल होकर औद्यानिक खेती में अधिक से अधिक लाभ प्राप्त करें। प्रशिक्षण के सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला उद्यान कार्यालय अथवा योजना प्रभारी पंकज वर्मा के मो.न. 945510800 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

:ःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःःः