आयुष्मान आरोग्य मंदिर गड़सरपार पर विशेष स्वास्थ्य शिविर, 42 मरीजों की हुई जांच व निःशुल्क उपचार

आयुष्मान आरोग्य मंदिर गड़सरपार पर विशेष स्वास्थ्य शिविर, 42 मरीजों की हुई जांच व निःशुल्क उपचार

 

विशेषज्ञों की देखरेख में हुआ सफल आयोजन, जागरूकता और काउंसलिंग पर विशेष जोर

 

जितेन्द्र पाठक

 

संतकबीरनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर, गड़सरपार पर जिला एन.सी.डी. (Non-Communicable Disease) टीम द्वारा बुधवार को एक विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में गैर-संचारी रोगों (एन.सी.डी.) एवं मौखिक स्वास्थ्य (ओरल हेल्थ) पर विशेष फोकस रखते हुए ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।

शिविर के दौरान कुल 42 मरीजों का पंजीकरण किया गया। सभी मरीजों की गहन जांच कर आवश्यकतानुसार निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। स्वास्थ्य टीम ने रक्तचाप (बीपी), शुगर, हृदय संबंधी जोखिम तथा जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों की जांच की। साथ ही ओरल हेल्थ टीम द्वारा मुंह के रोगों की पहचान कर उचित परामर्श और उपचार की सुविधा प्रदान की गई।

शिविर का संचालन विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर डॉ. अंबिका गुप्ता (विशेषज्ञ चिकित्सक), डॉ. सु श्रेया त्रिपाठी (विशेषज्ञ चिकित्सक), नेहा सिंह (कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर), हरिओम सिंह (नर्सिंग ऑफिसर) तथा कुलदीप पासवान (एन.सी.डी. काउंसलर) मौजूद रहे।

एन.सी.डी. काउंसलर कुलदीप पासवान ने मरीजों को मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और तंबाकू व धूम्रपान जैसे व्यसनों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। वहीं कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर नेहा सिंह ने ग्रामीणों को आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर उपलब्ध नियमित स्वास्थ्य सेवाओं एवं सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

स्वास्थ्य विभाग की इस पहल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से बढ़ रहे गैर-संचारी रोगों जैसे कैंसर, मधुमेह और हृदय रोग की समय रहते पहचान कर मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराना है। शिविर के माध्यम से ग्रामीणों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ी और स्थानीय लोगों ने इस प्रयास की सराहना की।