रक्तदान मानवता का कार्य : ऋषभ दूबे

अयोध्या। राम कृष्ण सेवा फाउंडेशन द्वारा अंतर्राष्ट्रीय बाल कैंसर दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में एक भव्य एवं सफल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कैंसर पीड़ित बच्चों को समर्पित रहा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ऋषभ दूबे रहे। उन्होंने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया तथा रक्तदान करने वाले सभी युवाओं को अंगवस्त्र, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में श्री ऋषभ दूबे ने कहा कि रक्तदान मानवता की सच्ची सेवा है। प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और देश रक्त के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन सके। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे समाजसेवी जितेंद्र कुमार दूबे उर्फ मिंटू प्रधान ने कहा कि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। रक्तदान ही जीवन बचाने का एकमात्र माध्यम है। यदि हम रक्तदान के योग्य हैं, तो यह ईश्वर का विशेष आशीर्वाद है। संस्था के संरक्षक चौबे जी ने कहा कि यह शिविर विशेष रूप से कैंसर पीड़ित बच्चों को समर्पित है। संस्था का मूल उद्देश्य है कि अयोध्या में किसी भी जरूरतमंद को रक्त के लिए भटकना न पड़े। संस्था के अध्यक्ष एवं “ब्लड मैन” के नाम से चर्चित आकाश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि संस्था द्वारा अब तक 180 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनके माध्यम से हजारों मरीजों को रक्त उपलब्ध कराया गया है। शिविर के सफल संचालन में ब्लड बैंक की काउंसलर ममता खत्री, संस्था के उपाध्यक्ष विजय वर्मा, श्याम वर्मा तथा लैब टेक्नीशियन रामू प्रजापति का विशेष योगदान रहा। संस्था की ओर से रामू प्रजापति को सम्मानित भी किया गया। रक्तदान करने वालों में 60 वर्षीय गुरु विंदर सिंह, सोमिल जायसवाल, मुकेश यादव, रितेश यादव, श्याम बाबू यादव, राम संजीवन यादव, नंदन, इंद्र प्रीत सिंह वेदी, राजेश मांझी, उपेंद्र गुप्ता, ऋषि यादव, सुधांशु कसौधन सहित अन्य लोग शामिल रहे। इस अवसर पर सचिन तिवारी, एस.बी. सागर प्रजापति, आशीष कौर, संदीप सोनी, राम चरण कसौधन, पल्लवी वर्मा, सुनीता जायसवाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अंत में संस्था के उपाध्यक्ष विजय वर्मा ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।