सिरसागंज में बन रहा उत्तर प्रदेश का पहला आर्य गुरुकुल म्यूज़ियम, 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण

फिरोजाबाद ब्रज क्षेत्र में सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक तकनीक के माध्यम से प्रदर्शित करने के उद्देश्य से सिरसागंज में 24.45 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा उत्तर प्रदेश का पहला आर्य गुरुकुल म्यूज़ियम तेजी से तैयार हो रहा है। परियोजना का लगभग 80 प्रतिशत से अधिक कार्य पूरा किया जा चुका है।पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने हाल ही में समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह म्यूज़ियम न केवल प्रदेश के पर्यटन को नई पहचान देगा, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम भी बनेगा।म्यूज़ियम में इतिहास को इमर्सिव लर्निंग, विजुअल स्टोरीटेलिंग और इंटरैक्टिव डिस्प्ले के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा। यहां स्थापना काल, संस्थापकों का योगदान, स्वतंत्रता आंदोलन में भूमिका, सिद्धांत एवं विचारधारा, योग की महत्ता और वर्तमान समय में उसकी प्रासंगिकता जैसे विषयों पर अलग-अलग जोन विकसित किए गए हैं।परिसर में ऑडिटोरियम, मल्टीपर्पज हॉल, एम्फीथिएटर, हेलीपैड और फायर फाइटिंग सिस्टम का ढांचा तैयार हो चुका है। बाहरी विद्युतीकरण, ट्यूबवेल और अन्य आधारभूत कार्य प्रगति पर हैं। अधिकारियों के अनुसार परियोजना को तय समय में पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
मंत्री ने कहा कि यह म्यूज़ियम अतीत की गौरवगाथा को आधुनिक स्वरूप में प्रस्तुत करेगा और ब्रज क्षेत्र को नई सांस्कृतिक पहचान प्रदान करेगा।