आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से देश को मिला विजन, भाजपा हमारी योजनाओं की नकल कर रही है: अखिलेश यादव

लखनऊ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी सरकार ने विश्वस्तरीय आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे बनाकर देश को एक विजन दिया था और आज देश में बन रहे एक्सप्रेस-वे उसी सोच पर आधारित हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार ने दस वर्ष पूर्व एक्सप्रेस-वे पर लड़ाकू विमान उतारकर यह सिद्ध किया था कि यह इन्फ्रास्ट्रक्चर रक्षा और सेना के उपयोग में भी आ सकता है। उन्होंने कहा कि यह देश का पहला एक्सप्रेस-वे है जहां टोल प्लाजा मुख्य मार्ग के बीच में नहीं बल्कि नीचे उतरने के बाद बनाया गया, जिसकी तर्ज पर अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण भी टोल प्लाजा बना रहा है। भाजपा सरकार समाजवादी सरकार के कार्यों की नकल कर रही है।समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में अखिलेश यादव ने कहा कि एक्सप्रेस-वे के किनारे मंडियां स्थापित कर किसानों और गांवों की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की योजना थी, जिस पर आगे काम होना था। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा दिल्ली की हवा खराब होने की बात कही जा रही है, जबकि सच्चाई यह है कि दिल्ली और उत्तर प्रदेश दोनों जगह हालात चिंताजनक हैं।उन्होंने नोटबंदी को लेकर कहा कि यह भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए नहीं बल्कि 2017 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर की गई थी। किसान आंदोलन के संदर्भ में उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानून 2022 में समाजवादियों के लगातार आंदोलन और रथ यात्रा के दबाव में वापस हुए।अखिलेश यादव ने कहा कि शंकराचार्य का अपमान किया जा रहा है और समाजवादी पार्टी उनके साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के खिलाफ जो भी पीड़ित, दुःखी और अपमानित है, पीडीए उसके साथ है। उन्होंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय के प्रति मुख्यमंत्री की भाषा को भी अनुचित बताया और कहा कि इतने बड़े शिक्षा बजट वाले राज्य के मुख्यमंत्री की भाषा और व्यवहार पर गंभीरता से विचार होना चाहिए।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। ओवरलोडिंग ट्रकों से लेकर अवैध कारोबार तक कई अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उन्होंने गांजा बरामदगी के मामलों का जिक्र करते हुए सरकार से जवाब मांगा कि इतनी बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ आखिर कहां जा रहे हैं।
अखिलेश यादव ने कहा कि केन्द्र सरकार ने किसानों के साथ धोखा किया है और देश का बाजार विदेशियों को सौंप दिया है। उन्होंने रक्षा सौदों, मेक इन इंडिया, स्किल इंडिया जैसी योजनाओं पर भी सवाल उठाए।वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव टाल रही है और फार्म-7 के माध्यम से हेराफेरी करना चाहती है क्योंकि वह 2027 के चुनाव से घबराई हुई है। उन्होंने जातीय जनगणना की मांग दोहराते हुए कहा कि आबादी के अनुपात में सबको हक और सम्मान मिलना चाहिए और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए पीडीए मिलकर आगे बढ़ेगा।अखिलेश यादव ने कहा कि राजमाता अहिल्याबाई होल्कर ने काशी की विरासत को संरक्षित किया था, जबकि वर्तमान सरकार परंपराओं और विरासत को नुकसान पहुंचा रही है। यूसीसी पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि भाजपा महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों से ध्यान हटाने के लिए समाज को बांटने की राजनीति कर रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में अपराध बढ़े हैं और सड़कों की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हो रही है।