ओपीएस अकादमी में रंगारंग फेयरवेल वेदांश बने मिस्टर तो दृश्या को मिला मिस फेयरवेल का खिताब

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। निराला नगर स्थित ओपीएस अकादमी में शनिवार को कक्षा 4 के विद्यार्थियों द्वारा अपने सीनियर्स (कक्षा 5) के सम्मान में एक भव्य एवं रंगारंग फेयरवेल पार्टी का आयोजन किया गया। गीत, संगीत और विविध प्रतियोगिताओं से सजी इस शाम में जहां बच्चों की प्रतिभा निखर कर सामने आई, वहीं विदाई की बेला में माहौल काफी भावुक भी नजर आया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ दीप प्रज्वलन और स्वागत भाषण के साथ हुआ। इसके बाद कक्षा 4 के छात्रों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और रोचक खेल गतिविधियों के माध्यम से अपने सीनियर साथियों का मनोरंजन किया। विदाई समारोह का मुख्य आकर्षण सवाल-जवाब का दौर रहा, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास से शिक्षकों को प्रभावित किया।
कड़े मुकाबले में जीते वेदांश और दृश्या प्रतियोगिता के विभिन्न चरणों के बाद सेमीफाइनल में पांच प्रतिभागियों ने अपनी जगह बनाई। फाइनल राउंड के कड़े मुकाबले में वेदांश दूबे और दृश्या शुक्ला ने बाजी मारी। शानदार प्रदर्शन के आधार पर वेदांश दूबे को ‘मिस्टर फेयरवेल’ चुना गया। दृश्या शुक्ला को ‘मिस फेयरवेल’ के खिताब से नवाजा गया। विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया, जिससे पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। भावुक क्षणों के साथ मिली उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं विदाई के इस अवसर पर कक्षा 5 के विद्यार्थियों ने स्कूल में बिताए अपने खट्टे-मीठे अनुभवों को साझा किया। अपने प्रिय स्कूल और शिक्षकों से बिछड़ने की कसक कई बच्चों की आंखों में साफ झलक रही थी।
प्रधानाचार्या इमराना जिया के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम को सफल बनाने में आयोजन की जिम्मेदारी संभाल रहीं शिक्षिका रेनू मिश्रा व इफ्रा के साथ-साथ शिक्षक गिरिजेश, तौक़ीर व अन्य स्टॉफ का विशेष सहयोग रहा। शिक्षकों ने बच्चों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने और निरंतर प्रगति करने का संदेश देते हुए उन्हें विदा किया।