उज्जैन में 12 से 18 फरवरी तक पंचकुंडीय रुद्र महायज्ञ, शिव महापुराण कथा का आयोजन

उज्जैन, प्रतिनिधि। जिले के ग्राम बेड़ावन स्थित श्री कोटेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में 12 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक पंचकुंडीय रुद्र महायज्ञ एवं संगीतमय श्री शिव महापुराण कथा का भव्य आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ 12 फरवरी (गुरुवार) को 251 कलश यात्रा के साथ होगा। कलश यात्रा गांव के विभिन्न मार्गों से होते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचेगी। इसके पश्चात विधि-विधान से रुद्र महायज्ञ एवं कथा का प्रारंभ किया जाएगा।
श्री शिव महापुराण कथा का वाचन आचार्य पंडित श्री दीनानाथ जी नागर (उज्जैन) द्वारा किया जाएगा। कथा प्रतिदिन प्रातः 8 बजे से 11 बजे तक तथा सायं 4 बजे से 6 बजे तक होगी।
आयोजन के समापन पर 18 फरवरी 2026 (बुधवार) को यज्ञ की पूर्णाहुति एवं नगर भोज का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्षेत्र के श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल होंगे।
आयोजन समिति ने सभी धर्मप्रेमी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।