भारत स्वाभिमान समिति बस्ती ने कटहापुर में लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर

भारत स्वाभिमान समिति बस्ती ने कटहापुर में लगाया निःशुल्क चिकित्सा शिविर

बस्ती ( अनुराग लक्ष्य न्यूज ) भारत स्वाभिमान समिति द्वारा पतंजलि चिकित्सालय सुरतीहट्टा बस्ती की सहायता से ग्राम कटहापुर बस्ती में निःशुल्क योग और चिकित्सा परामर्श शिविर आयोजित किया गया जिसमें हरिद्वार से प्रशिक्षित वैद्य अजय चौधरी ने लोगों को विभिन्न रोगों के लिए निःशुल्क चिकित्सा परामर्श दिया। यह जानकारी देते हुए ओम प्रकाश आर्य जिला प्रभारी भारत स्वाभिमान समिति बस्ती ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर गांव में योग एवं चिकित्सा शिविरों का आयोजन किया जा रहा है जिससे ग्रामीण योग एवं चिकित्सा परामर्श से अपने को निरोगी रख सकें। कहा कि योग और आयुर्वेद भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है ये एक जीवन दायिनी विद्या है। चिकित्सा के दौरान वैद्य अजय चौधरी ने बताया कि उचित आहार विहार का पालन न करने से शरीर में रोग उत्पन्न होते हैं। योगासन, प्राणायाम और उचित आहार विहार से रोगों पर नियंत्रण किया जा सकता है।

इस अवसर पर योग शिक्षक शिव श्याम और रजनीश ने लोगों को रोगानुसार योगासन और प्राणायाम बताया। मनोज चौधरी और रजत चौधरी ने ग्रामीणों को घर घर जाकर शिविर की सूचना देते हुए उन्हें निःशुल्क चिकित्सा परामर्श दिलाया।