युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला: मां ने तीन पर हत्या का लगाया आरोप, परिजन गिरफ्तारी की मांग पर अड़े
मानिकपुर थाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। मृतक की मां ने तीन लोगों पर धोखे से जहरीला पदार्थ खिलाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हैं और तीसरे दिन रविवार दोपहर तक भी शव का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। यह मामला मानिकपुर थाना क्षेत्र के बिछलहला साहूमई गांव निवासी 22 वर्षीय सूरज श्रीवास्तव से जुड़ा है, जिसकी शुक्रवार को जहरीला पदार्थ खाने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मृतक की जेब से एक पर्ची मिली है, जिसमें तीन लोगों के नाम लिखे थे। इन्हीं तीनों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। मृतक की मां सुनीता देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि शुक्रवार सुबह करीब दस बजे उन्होंने अपने बेटे सूरज को फोन किया था। सूरज ने फोन पर कहा, “मम्मी, जो बात करनी हो कर लो, इसके बाद हम नहीं मिलेंगे।” यह सुनकर वह घबरा गईं और तुरंत घर पहुंचीं, लेकिन सूरज वहां नहीं मिला। कुछ देर बाद एक पड़ोस की महिला ने बताया कि सूरज को एक युवक अपने साथ ले गया था। इसके बाद दूसरी महिला ने जानकारी दी कि सूरज तालाब के किनारे पड़ा है। जब सुनीता देवी वहां पहुंचीं, तो सूरज रोते हुए बोला, “मम्मी, मोनू भाई और पापा की जान को खतरा है, उन्हें बचा लो। मुझे धोखे से जहर खिला दिया गया है।” मां के अनुसार, सूरज ने अपनी जेब से वही पर्ची निकालकर दी थी, जिसमें तीन लोगों के नाम लिखे थे। फिलहाल, घटना के तीसरे दिन रविवार की दोपहर तक भी सूरज का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी और मुकदमा दर्ज होने की मांग को लेकर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि जब तक दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती, तब तक वे अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस संबंध में इंस्पेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि उन्हें तहरीर मिल गई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।