बाइक सवार 3 दोस्तों को वैन ने मारी टक्कर: प्रतापगढ़ में एक की मौत, 3 अन्य गंभीर घायल, वाहन क्षतिग्रस्त
प्रतापगढ़ के पट्टी-ढकवा मार्ग पर शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। अमरगढ़ बाजार के पास हुई इस घटना में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के सीतापुर गांव निवासी अनिल रजक (38) अपने पड़ोसी सुरेश सिंह (36) के साथ बाइक से अमरगढ़ बाजार की ओर जा रहे थे। अमरगढ़ बाजार से पहले पेट्रोल पंप के समीप सामने से आ रही एक मारुति वैन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और वैन दोनों क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में बाइक सवार अनिल रजक और सुरेश सिंह के अलावा मारुति वैन में सवार ढकवा निवासी लालचंद जायसवाल और चुनौता निवासी आफताब आलम भी गंभीर रूप से घायल हो गए।सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी अमरगढ़ पहुंचाया।अनिल रजक की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें प्रयागराज रेफर किया गया। हालांकि, परिजन उन्हें जौनपुर ले जा रहे थे, तभी रास्ते में अनिल रजक ने दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का इलाज मेडिकल कॉलेज में जारी है। क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज सिंह रघुवंशी ने बताया कि क्षतिग्रस्त वाहनों को मार्ग से हटवाकर यातायात सुचारू करा दिया गया है।