रामनगरी अयोध्या में श्रीराम कथा का भव्य आयोजन, गुजरात से आए कथावाचक सौरभ भाई पटेल ने बांधा समां

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या में इन दिनों धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों की विशेष छटा देखने को मिल रही है। इसी क्रम में अयोध्या में श्रीराम कथा का आयोजन किया गया, जिसमें गुजरात से आए प्रसिद्ध कथावाचक सौरभ भाई पटेल ने श्रीराम कथा का रसपान कराया।
कथा के दौरान सौरभ भाई पटेल ने कहा कि लगभग 500 वर्षों के लंबे संघर्ष के बाद अयोध्या में प्रभु श्रीराम का भव्य मंदिर बना है, जो पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के साथ ही अयोध्या का विकास भी चौतरफा रूप से हो रहा है। चौड़ी और स्वच्छ सड़कें, सुव्यवस्थित यातायात और बढ़ती सुविधाएं अयोध्या के बदले स्वरूप को दर्शाती हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि गुजरात मॉडल के विकास को देखकर देश की जनता ने उन्हें सर्वोच्च पद पर बैठाया और आज उसका परिणाम पूरे देश के सामने है। अयोध्या में राम मंदिर निर्माण, जम्मू-कश्मीर से धारा 370 हटना और देशभर में हो रहा विकास इसी का उदाहरण है।
इस अवसर पर किशोर लाल ने कहा कि रामनगरी अयोध्या पहुंचकर वे अत्यंत प्रसन्नचित हैं। उन्होंने बताया कि गुरुजी के सान्निध्य में दिन में कथा श्रवण का सौभाग्य प्राप्त हुआ। साथ ही उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र के बांके बिहारी मंदिर से जुड़ी धार्मिक परंपराओं के बाद अयोध्या में इस कथा का आयोजन किया गया, जो सभी श्रद्धालुओं के लिए आत्मिक शांति और आनंद का स्रोत बना। कथा आयोजन में कनु भाई पटेल, मधु भाई पटेल और रणछोड़ राय परिवार का विशेष सहयोग रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कथा में शामिल हुए और श्रीराम नाम के भजनों व प्रवचनों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा।