महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या।समाजसेवी संस्था कल्याणम् करोति के संस्थापक सदस्य एवं उत्तर प्रदेश के लौह पुरुष श्रद्धेय चंद्र भानु गुप्ता जी के अनन्य शिष्य श्रद्धेय स्वर्गीय विमल कुमार शर्मा की छठी पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी कर्मस्थली ग्राम चन्द्रावल में वृहद निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह शिविर केजीएमयू लखनऊ, भारत सेवा संस्थान लखनऊ एवं कल्याणम करोति लखनऊ के संयुक्त प्रयासों से सम्पन्न हुआ। केजीएमयू नेत्र विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. अपजीत कौर के मार्गदर्शन में डॉ. भास्कर एवं डॉ.प्रमोद डेविड के नेतृत्व में आई विशेषज्ञ चिकित्सक टीम द्वारा ग्रामीण अंचल से आए नेत्र रोगियों की जाँच की गई। शिविर में कुल 143 रोगियों की नेत्र जाँच की गई, जिनमें 80 रोगियों को निःशुल्क दवा एवं चश्मा वितरित किया गया। 22 रोगी मोतियाबिंद से ग्रसित पाए गए, जिनका निःशुल्क ऑपरेशन केजीएमयू लखनऊ में किया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व सांसद डॉ. अशोक वाजपेयी ने श्रद्धेय स्व. श्री विमल कुमार शर्मा जी एवं श्रद्धेय चंद्र भानु गुप्ता जी के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “स्व. विमल शर्मा ने अपना सम्पूर्ण जीवन समाजसेवा को समर्पित कर लाखों लोगों को अंधता से बचाने तथा दिव्यांग जनों को आत्मनिर्भर बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।”इस अवसर पर भारत सेवा संस्थान के महामंत्री डॉ. जे. एन. मिश्रा ने कहा कि “पुण्यतिथि पर इस प्रकार के सेवा कार्य ही सच्ची श्रद्धांजलि होते हैं।”श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय के प्रबंधक श्री डी. एन. मिश्रा एवं सर्वदमन सिंह ‘बबलू’ ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में कल्याणम करोति के महामंत्री राष्ट्र गौरव शर्मा, संजय यादव, राजेंद्र पाल, अनुज पाल, अखिलेश दीक्षित, संजय मिश्र, हरीश मलिक, अभिषेक पाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। प्रतीकात्मक रूप से चार दिव्यांग बहनों को सिलाई मशीन तथा वृद्धजनों को वॉकिंग स्टिक प्रदान कर आत्मनिर्भरता की दिशा में सहयोग किया गया।
इसी क्रम में कल्याणम करोति के पूर्व समर्पित कार्यकर्ता सुरेंद्र मिश्र की संस्था कमलादेवी आँख अस्पताल, कुम्हारावां में दो दिवसीय नेत्र शिविर आयोजित किया गया, जिसमें 80 नेत्र रोगियों का परीक्षण किया गया तथा 20 मोतियाबिंद ऑपरेशन फेंको विधि से मात्र ₹3500 में सम्पन्न कराए गए।
श्रद्धेय स्व. विमल शर्मा जी के पैतृक गांव में श्री श्री 1008 दादाजी दरबार, खैरगढ़ द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं वृद्धजन सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस शिविर में 200 ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा 30 वृद्धजनों को छड़ी, शॉल, गर्म पानी की बोतल एवं रामधुन यंत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।”कल्याणम करोति मथुरा” द्वारा संचालित सचल नेत्र परीक्षण वाहन से 260 नेत्र परीक्षण किए गए, जिनमें 104 रोगियों को मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चिन्हित किया गया। साथ ही 90 कान रोगियों की जाँच कर आवश्यकता अनुसार उन्हें निःशुल्क श्रवण यंत्र उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके अतिरिक्त कल्याणम करोति द्वारा संचालित श्री दीनबंधु नेत्र चिकित्सालय में भी श्रद्धेय स्व विमल कुमार शर्मा जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। परम पूज्य बाबा बलराम दास , वृंदावन की सदप्रेरणा से आयोजित शिविर में 120 रोगियों का परीक्षण कर 36 निःशुल्क ऑपरेशन सम्पन्न कराए गए। वहीं वजीरगंज, गोण्डा में संचालित सचल नेत्र परीक्षण शिविर में 119 रोगियों की जाँच कर 28 रोगियों को ऑपरेशन हेतु चिन्हित किया गया।