अयोध्या विधायक खेल प्रतियोगिता का भव्य आगाज, डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने किया शुभारंभ

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। डॉ. भीमराव आंबेडकर क्रीड़ा संकुल, डाभासेमर में दो दिवसीय विधायक खेल प्रतियोगिता का शानदार शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर और हवा में गुब्बारे उड़ाकर स्पर्धाओं की शुरुआत की। इस अवसर पर स्कूली छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिसने दर्शकों का उत्साहवर्धन किया। विकसित भारत के लिए सशक्त युवा जरूरी डॉ. अग्रवाल समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. राधामोहन दास अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत 2047’ के संकल्प को सिद्ध करने के लिए देश की आर्थिक नीतियां बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा, “2014 में हमारी अर्थव्यवस्था कमजोर स्थिति में थी, लेकिन पिछले 11 वर्षों के अथक प्रयासों से आज भारत विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और जल्द ही जर्मनी को पछाड़कर तीसरे स्थान पर होगा।” उन्होंने जोर दिया कि नई खेल नीति के माध्यम से छोटे शहरों की छिपी हुई प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय मंच मिल रहा है। प्रतिभाओं को निखारने का मंच वेद प्रकाश गुप्ता क्षेत्रीय विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि इस प्रतियोगिता का मूल उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के युवाओं के भीतर छिपी खेल प्रतिभा को निखारना है। भाजपा महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव ने भी ‘खेलो इंडिया’ योजना की सराहना करते हुए कहा कि आज खिलाड़ियों को पहले से बेहतर सुविधाएं और अवसर प्राप्त हो रहे हैं।
पहले दिन के परिणाम खेल के मैदान में दिखा उत्साह प्रतियोगिता के पहले दिन एथलेटिक्स, बैडमिंटन और वॉलीबॉल में खिलाड़ियों ने जमकर पसीना बहाया। वॉलीबॉल जूनियर वर्ग में राजपूत क्लब, कैम्ब्रियन स्कूल, अवध क्लब और ग्रामोदय किसान टीम ने जीत दर्ज की। वहीं सीनियर वर्ग में दुगवा, सरोजनी देवी टीम, रामकोट और डाभासेमर की टीमों का दबदबा रहा। एथलेटिक्स महिला वर्ग (400 मीटर) सीनियर में सुष्मिता यादव, जूनियर में रचना मौर्या और सब-जूनियर में गीता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। पुरुष वर्ग (400 मीटर): सीनियर वर्ग में विकास ने बाजी मारी, जबकि निशांत दूसरे स्थान पर रहे।रविवार को होंगे रोमांचक मुकाबले आयोजन समिति के अमल गुप्ता ने बताया कि रविवार को प्रतियोगिता के दूसरे दिन कबड्डी और कुश्ती के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे, जिसमें क्षेत्र के नामी पहलवान और कबड्डी टीमें अपना दमखम दिखाएंगी। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, गन्ना चेयरमैन दीपेंद्र सिंह, शैलेंद्र कोरी, तिलकराम मौर्य, अभय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, खेल प्रेमी और युवा कल्याण विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।