लखनऊ पुलिस कमिश्नरेट ने सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और हुड़दंगई के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए शहरभर में सघन अभियान चलाया। लगातार मिल रही शिकायतों के आधार पर 11 दिसंबर 2025 से शुरू किए गए इस अभियान में पुलिस ने शहर के विभिन्न बाजारों, सड़कों, पार्कों, बस स्टैंडों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर व्यापक चेकिंग की, जिसके दौरान कुल 5276 व्यक्तियों की जांच की गई। इनमें से 2361 लोग सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीते हुए पकड़े गए, जिनके खिलाफ 34 पुलिस एक्ट के तहत विधिक कार्रवाई की गई।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देश पर तथा संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) बबलू कुमार की निगरानी में सभी जोनों के पुलिस उपायुक्तों, एसीपी और थाना प्रभारियों ने लगातार चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस टीमों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सार्वजनिक स्थलों पर अव्यवस्था फैलाने, राहगीरों को परेशान करने, महिलाओं की आवाजाही में बाधा उत्पन्न करने और यातायात व्यवस्था का उल्लंघन करने वालों पर तुरंत सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।अभियान के दौरान लखनऊ शहर में कई स्थानों पर गहन निगरानी और आकस्मिक चेकिंग की गई। आंकड़ों से स्पष्ट है कि अभियान का सबसे अधिक प्रभाव पश्चिमी और मध्य जोन में देखा गया। पश्चिमी जोन में 1643 व्यक्तियों की जांच की गई, जिनमें 689 के खिलाफ कार्रवाई हुई, जबकि मध्य जोन में 1019 में से 595 लोगों पर चालान किया गया। उत्तरी जोन में 394, पूर्वी जोन में 336 और दक्षिणी जोन में 347 व्यक्तियों पर कार्रवाई दर्ज की गई।कमिश्नरेट ने अभियान के दौरान थाना स्तर पर की गई उल्लेखनीय कार्रवाई भी जारी की, जिसमें पश्चिमी जोन के थाना ठाकुरगंज क्षेत्र में 465 व्यक्तियों की जांच कर 206 लोगों पर चालान किया गया। मध्य जोन के हजरतगंज थाने में 310 में से 212 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई हुई। उत्तरी जोन के मड़ियावं में 250 में से 142, पूर्वी जोन के गोमतीनगर में 208 में से 51 और दक्षिणी जोन के मोहनलालगंज में 200 में से 35 व्यक्तियों पर चालान किया गया।पुलिस ने चेताया है कि सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीना दंडनीय अपराध है और भविष्य में इस तरह की गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस ने नागरिकों से अनुशासन बनाए रखने, अवैध गतिविधियों से दूर रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर ने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि लखनऊ पुलिस जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है और सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्था फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखी जाएगी। पुलिस का कहना है कि अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा ताकि शहर में सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण बनाए रखा जा सके।