वार्ड नंबर 18 जिला पंचायत सदस्य राम सुरेश चौरसिया ने उठाई आवाज: मुख्य सरयू नहर में पानी न मिलने से किसानों में बढ़ा आक्रोश

वार्ड नंबर 18 जिला पंचायत सदस्य राम सुरेश चौरसिया ने उठाई आवाज: मुख्य सरयू नहर में पानी न मिलने से किसानों में बढ़ा आक्रोश

 

जितेन्द्र पाठक

 

 

संतकबीरनगर।जिले में रबी की फसलें पानी के अभाव में सूखने लगी हैं, जिससे किसान बेहद चिंतित और आक्रोशित हैं। मुख्य सरयू नहर खंड खलीलाबाद एवं उससे जुड़ी माइनरों में अभी तक सिंचाई हेतु पानी नहीं छोड़ा गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर जिला पंचायत क्षेत्र के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी संतकबीरनगर को प्रार्थना पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्य सरयू नहर से जिले के बड़े भू-भाग की सिंचाई होती है। गेहूं, सरसों, मटर, जौ आदि रबी फसलों की बुवाई को 25–30 दिन हो चुके हैं, लेकिन नहर में एक बूंद तक पानी न आने से खेत सूख रहे हैं और फसलें बर्बाद होने की कगार पर पहुंच गई हैं। नकहा माइनर तथा कोनी–हरिहरपुर माइनर में भी पानी न होने से किसानों की स्थिति और अधिक दयनीय हो गई है।

 

प्रार्थना पत्र में कहा गया है कि किसानों की आजीविका पर गंभीर संकट मंडरा रहा है। रबी सीजन की सिंचाई का महत्वपूर्ण समय बीत चुका है, ऐसे में अगर तत्काल नहरों में पानी न छोड़ा गया, तो जिले के सैकड़ों एकड़ क्षेत्रों की फसल पूरी तरह बर्बाद हो जाएगी।

 

जनप्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से आग्रह किया है कि किसान हित और जनहित को ध्यान में रखते हुए अधिशासी अभियंता सरयू नहर खंड खलीलाबाद को निर्देशित किया जाए कि तुरंत प्रभाव से मुख्य नहर तथा संबंधित माइनरों में पानी उपलब्ध कराया जाए, ताकि किसानों की फसलें बचाई जा सकें।

 

किसानों का कहना है कि यदि शीघ्र सिंचाई की व्यवस्था नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में बड़ी आर्थिक क्षति झेलनी पड़ेगी। अब देखना है कि प्रशासन इस गंभीर मुद्दे पर कब तक कार्रवाई करता है।

अमरजीत चौधरी ,जगन्नाथ, बलबीर, राम भवन, खर दूषण, परविंदर चौधरी, सहित तमाम लोग मौजूद रहे