बस्ती नवंबर जनपद में चीनी मिलों के संचालन के साथ ही गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग तेज होने लगी है। गन्ने की खेती में लगातार बढ़ती लागत और चीनी के बढ़ते बाजार भाव को देखते हुए किसान अब अपने गन्ने का उचित मूल्य पाने के लिए आंदोलन की तैयारी में जुट गए हैं।
इसी क्रम में गन्ना मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल घोषित किए जाने सहित किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर गन्ना समिति के अध्यक्ष अखण्ड प्रताप सिंह, विक्रमजोत चेयरमैन इंजीनियर सिद्धांत सिंह और किसान नेता विनोद सिंह के नेतृत्व में दर्जनों किसान नेताओं एवं किसानों ने जिलाधिकारी बस्ती कृत्तिका ज्योत्सना से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल किए जाने की मांग उठाई गई।
ज्ञापन सौंपने के बाद चेयरमैन इंजीनियर सिद्धांत सिंह और अखण्ड प्रताप सिंह ने संयुक्त रूप से मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि महंगाई के इस दौर में खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। खाद, बीज, सिंचाई, मजदूरी और कृषि कार्यों में इस्तेमाल होने वाले संसाधनों के दाम बढ़ने से किसानों की लागत काफी बढ़ गई है। ऐसे में 400 रुपये प्रति कुंतल के आसपास गन्ना मूल्य मिलने से किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। सरकार को किसानों की लागत और उनकी मेहनत को ध्यान में रखते हुए गन्ने का मूल्य 500 रुपये प्रति कुंतल निर्धारित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा अन्य फसलों के मूल्य की घोषणा समय से की जाती है, लेकिन अभी तक गन्ने का मूल्य घोषित नहीं किया गया है। इससे किसानों में असमंजस और नाराजगी बढ़ रही है। सरकार को जल्द से जल्द गन्ना मूल्य घोषित कर किसानों को राहत देनी चाहिए।
वहीं किसान नेता विनोद सिंह ने कहा कि जब बाजार में चीनी का मूल्य लगभग 55 रुपये प्रति किलो तक पहुंच रहा है, तो गन्ना किसानों को भी उनकी उपज का उचित मूल्य मिलना चाहिए। उन्होंने मांग की कि सरकार गन्ने का मूल्य 500 से 600 रुपये प्रति कुंतल के बीच निर्धारित करने पर विचार करे, ताकि किसानों की लागत निकलने के साथ उन्हें उचित लाभ भी मिल सके।
किसान नेता अरविन्द सिंह ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही किसानों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो किसान अपने हक के लिए आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
इस अवसर पर जनपद की विभिन्न गन्ना समितियों के चेयरमैन, किसान नेता एवं बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
साथ ही विनोद सिंह किसान नेता, अखण्ड सिंह चेयरमैन गन्ना समिति बभनान,चेयरमैन सिद्धांत सिंह अध्यक्ष गन्ना समिति विक्रमजोत, अरविन्द सिंह,डायरेक्टर अभिषेक सिंह,अमित सिंह सहित दर्जनों की संख्या में किसान उपस्थित रहे।







Views Today : 1391
Who's Online : 10