महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। राष्ट्रीय संस्कृत संस्थान और उत्तर प्रदेश सरकार के भाषा विभाग द्वारा आयोजित प्रदेश स्तरीय विविध संस्कृत प्रतियोगिताओं में श्री राजगोपाल संस्कृत महाविद्यालय, अयोध्या (विप्र संजीवनी परिषद् गुरुकुल) के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर महाविद्यालय को गौरव प्रदान किया है। छात्रों ने अपनी अद्वितीय साधना, भाषिक दक्षता और गहन पांडित्य का परिचय देते हुए कई प्रतिष्ठित स्थानों पर सफलता प्राप्त की श्लोक-अंत्याक्षरी प्रतियोगिता में रूपेश दुबे एवं शशांक पाण्डेय ने अपनी अप्रतिम स्मरण-शक्ति का प्रदर्शन करते हुए विशिष्ट स्थान प्राप्त किया। तर्क-संग्रह विषय में शिवा ने सूक्ष्म तर्कणा और न्यायशास्त्रीय दक्षता से प्रभावित किया। अमरकोश प्रतियोगिता में पवई ने कोश-विद्या और शब्द-सम्पदा का उत्कृष्ट परिचय दिया लघुसिद्धान्त-कौमुदी (व्याकरण) के दुरूह विषय में अमित, मयंक, गोलू एवं ओमपति ने कंठस्थ ज्ञान और व्याकरणिक निपुणता के बल पर अनेक पुरस्कार एवं स्थान प्राप्त किए। महाविद्यालय परिवार ने कहा कि इन सफलताओं ने न केवल संस्थान का मान बढ़ाया है, बल्कि समस्त प्रदेश में अयोध्या नगरी की सांस्कृतिक एवं संस्कृत-शास्त्र परंपरा के उत्कर्ष को भी प्रतिष्ठित किया है। महाविद्यालय परिवार तथा विप्र संजीवनी परिषद् गुरुकुल ने सभी विजयी विद्यार्थियों को साधुवाद और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीष प्रदान किया है।