संग्रामगढ़ में अनियंत्रित स्कूल बस खंभे से टकराई: नरई चौराहे के पास हुआ हादसा, घायलों का इलाज जारी
रिपोर्टर अनुराग उपाध्याय
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई। यह हादसा नरई चौराहे के पास हुआ, जिसमें बस सड़क किनारे एक घर के पास अलाव ताप रहे लोगों पर चढ़ गई। हादसे में कन्हैयालाल के तीन बच्चे – 3 वर्षीय संस्कार, 14 वर्षीय आलिया और 10 वर्षीय अंचल – तथा उनकी पत्नी 40 वर्षीय पूनम घायल हो गए। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामगढ़ ले जाया गया।
डॉक्टर संतोष कुमार ने बताया कि सभी की हालत सही है किसी को भी गंभीर चोट नहीं है। घटना की सूचना मिलते ही थाना अध्यक्ष मनोज तोमर मौके पर पहुंचे और बस को कब्जे में ले लिया। घायलों का इलाज जारी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि स्कूल की नियमित बस खराब होने के कारण एक निजी बस लगाई गई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है, हालांकि अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।