अयोध्या में पंढरपुर के 1000 से अधिक हरिभक्तों का आगमन, रामनगरी भक्तिमय; रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से मिली प्रेरणा

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामनगरी अयोध्या इन दिनों महाराष्ट्र के पंढरपुर से आए 1000 से अधिक हरिकृष्ण भक्तों के आगमन से भक्तिमय हो गई है। यह सभी भक्त अयोध्या के वातावरण को अपने दिव्य तेज और आराधना से उत्सवयुक्त बना रहे हैं।
पंढरपुर से आए भक्तों का यह समूह ज्ञानेश्वरी पारायण पाठ और सोरठा कीर्तन कर रहा है। भक्तों द्वारा दिन-रात भजन-कीर्तन किया जा रहा है, जिसमें काकंड आरती, चक्रीय भजन सहित हरिनाम कीर्तन प्रमुख हैं। इस अवसर पर मीडिया से बात करते हुए सद्गुरु ह. भ. प. श्रीप्रसाद महाराज दत्तात्रय बडवे, मुख्य प्रतिनिधि, वै. वा. सद्गुरु ह. भ. प. धोंडोपंत अत्रे भजनी साम्प्रदायिक फड, श्री क्षेत्र पंढरपुर, ने इस आयोजन के महत्व को बताया।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में भगवान रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद से ही इस भव्य आयोजन की प्रेरणा मन में थी, जो अब साकार हो गई है। भक्तों का यह समूह प्रभु श्रीराम के प्रति अपनी आस्था और भक्ति को प्रकट करने के लिए अयोध्या पहुँचा है। इन भक्तों के आगमन से पूरी अयोध्या नगरी एक विशिष्ट आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो गई है।