महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा का राष्ट्रीय महामंत्री मनोनीत होने के बाद प्रथम नगर आगमन पर युवा नेता हर्षवर्धन सिंह का भव्य एवं ऐतिहासिक स्वागत किया गया। जनपद सीमा में प्रवेश करते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, फूल-मालाओं और आतिशबाजी के साथ उनका जोरदार अभिनंदन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि आलोक सिंह रोहित ने अपने सैकड़ों साथियों के साथ हर्षवर्धन सिंह का माला पहनाकर और अंगवस्त्र भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। राष्ट्रीय स्तर पर मिली इस बड़ी जिम्मेदारी पर आलोक सिंह रोहित एवं उपस्थित जनसमुदाय ने उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम के दौरान नवनियुक्त राष्ट्रीय महामंत्री हर्षवर्धन सिंह ने आलोक सिंह रोहित का चरण स्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस मौके पर हर्षवर्धन सिंह ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वे उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करेंगे और युवाओं को संगठन से जोड़कर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय जनप्रतिनिधि, युवा मोर्चा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।