मिशन शक्ति 5.0 के तहत लखनऊ पुलिस का जागरूकता अभियान, पारा क्षेत्र में महिलाओं-बच्चों को अधिकारों और सुरक्षा की दी जानकारी

लखनऊ कमिश्नरेट की पारा थाना क्षेत्र की पिंक बूथ 26 टीम ने मिशन शक्ति 5.0 के अंतर्गत पुरानी काशीराम कालोनी, हंसखेड़ा में एक विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों को उनके कानूनी अधिकारों, सुरक्षा उपायों और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में व्यापक जानकारी देना था।लखनऊ पुलिस आयुक्त अमरेन्द्र कुमार सेंगर के निर्देशन में जनपद के 54 थानों पर मिशन शक्ति केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जहां निरीक्षक से लेकर महिला उपनिरीक्षक तक की तैनाती कर महिलाओं की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में पारा थाने की पिंक बूथ टीम ने स्थानीय महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें अपराधों, साइबर सुरक्षा और कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत कराया।
कार्यक्रम में महिला कॉस्टेबल पूजा सरोज द्वारा प्रतिभागियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, सीआईईआर पोर्टल, यूपी कॉप ऐप के उपयोग की प्रक्रिया, महिला हेल्प डेस्क की भूमिका और मिशन शक्ति केंद्रों की सुविधाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। करीब 20-25 महिलाओं और बच्चों ने इस सत्र में हिस्सा लिया।सत्र के दौरान 1090, 112, 108, 1098 और 1076 जैसे सभी महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी साझा की गई, जो आपातकालीन स्थितियों में तुरंत सहायता प्राप्त करने के लिए बेहद उपयोगी हैं। इसके साथ ही, बालिकाओं को भविष्य को सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रेरित किया गया।यह जागरूकता अभियान न केवल महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करता है, बल्कि समुदाय और पुलिस के बीच विश्वास बढ़ाने का भी महत्वपूर्ण माध्यम बनता है। लखनऊ पुलिस द्वारा मिशन शक्ति के तहत की जा रही यह पहल समाज को अधिक सुरक्षित, जागरूक और सशक्त बनाने की दिशा में एक सराहनीय प्रयास है।