जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर – हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद जी की जयंती पर राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य समारोह में मेहदावल विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी एवं जिलाधिकारी आलोक कुमार ने खिलाड़ियों सहित उपस्थित लोगों को खेल के प्रति समर्पण, उत्साह एवं जागरूकता बनाए रखने की शपथ दिलाई।
मुख्य अतिथि विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कहा कि स्वस्थ तन ही स्वस्थ मन और मजबूत समाज की नींव रखता है। उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा खिलाड़ियों के लिए किए जा रहे प्रयासों और योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं से खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से व्यक्तिगत परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।

इसी क्रम में जिला खेल कार्यालय स्पोर्ट्स स्टेडियम में अंडर-14 जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।
इस अवसर पर जिला क्रीड़ा अधिकारी अभिज्ञान मालवीय, युवा कल्याण अधिकारी आरपी सिंह, सहायक युवा कल्याण अधिकारी आराधना द्विवेदी, सूचना अधिकारी सुरेश कुमार सरोज, सचिव रमेश प्रसाद, वॉलीबॉल कोच सृजन तिवारी, हॉकी कोच स्मिता दुबे सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।