अवध विहार कॉलोनी, रामनगर पुलिस चौकी के पास, 24 घंटे से पानी की आपूर्ति ठप

 

महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या। रामनगर पुलिस चौकी के निकट अवध विहार कॉलोनी और उसके आस-पास के इलाकों में पिछले 24 घंटों से पानी की सप्लाई पूरी तरह से ठप है। इससे स्थानीय निवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के मुताबिक, रामनगर पेट्रोल पंप के पास पाइपलाइन में बड़ी टूट-फूट हो गई है, जिसकी वजह से पानी का प्रवाह रुक गया है। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समस्या के बारे में संबंधित सुपरवाइजर को सूचित किया गया था, लेकिन 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी पानी की आपूर्ति बहाल करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।
निवासियों ने जलकल विभाग से जल्द से जल्द इस समस्या को संज्ञान में लेने और तत्काल प्रभाव से मरम्मत कार्य शुरू करने का अनुरोध किया है ताकि क्षेत्र में पानी की आपूर्ति सामान्य हो सके। निवासियों का कहना है कि अगर जल्द ही इस पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।