बस्ती (दैनिक अनुराग लक्ष्य ) सी एस आर कार्यक्रम का उद्देश्य है समेकित विकास गतिविधियों के माध्यम से गांवों का विकास एस बी आई फाउंडेशन, जो कि एस बी आई बैंक का सी एस आर प्रभाग है,के द्वारा आज बस्ती ज़िले के आकांक्षी विकासखंड कुदरहा के परमेश्वरपुर गांव में अपने फ्लैगशिप ग्रामीण विकास कार्यक्रम ‘ग्राम सेवा’ का शुभारंभ किया गया। इस परियोजना का मकसद समेकित ग्रामीण विकास गतिविधियों के माध्यम से समुदायों का सामाजिक और आर्थिक उत्थान करना है। यह परियोजना एस बी आई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड द्वारा सह-वित्त पोषित और सुविधा संस्था द्वारा क्रियान्वित की जा रही है।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में श्री शेष राम वर्मा, अध्यक्ष एवं मुख्य परिचालन अधिकारी, एस बी आई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड उपस्थित रहे। उनके साथ एसबीआई फाउंडेशन, एस बी आई रीजनल ऑफिस बस्ती, सुविधा के प्रतिनिधि एवं आसपास की ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान परसौन गांव में ग्राम सेवा केंद्र का औपचारिक उद्घाटन किया गया। यह केंद्र डिजिटलीकरण, ऑनलाइन सेवाओं और स्थानीय समुदाय तक जानकारी पहुँचाने का प्रमुख स्थल बनेगा। साथ ही, स्थानीय महिलाओं के लिए एक सिलाई केंद्र का शुभारंभ भी किया गया, जहाँ उन्हें नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।
परमेश्वरपुर में स्वतंत्रता सेनानी अमर शहीद पंडित राम प्रसाद बिस्मिल के नाम पर युवा प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया गया। यह केंद्र युवाओं के शारीरिक एवं शैक्षणिक विकास पर केंद्रित रहेगा और उन्हें भविष्य के लिए तैयार करेगा।
क्षेत्र में आवश्यक सेवाओं को मज़बूत बनाने हेतु तीन मोबाइल सेवा इकाइयों का भी शुभारंभ किया गया—एस बी आई संजीवनी एम्बुलेंस शालिहोत्रा एक्सप्रेस (मोबाइल पशु चिकित्सा सेवा इकाई)
स्वच्छता साथी (कचरा संग्रहण वाहन)इन पहलों का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवाएँ, पशुधन सहयोग और स्वच्छता सेवाओं को अंतिम छोर तक पहुँच सुनिश्चित करना है।
इस अवसर पर बोलते हुए शेष राम वर्मा ने कहा कि एस बी आई कैपिटल मार्केट्स लिमिटेड सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और हमें आशा है कि आज शुरू की गई ये पहलें आत्मनिर्भर समुदायों के निर्माण में मदद करेंगी। आने वाले समय में ये गांव मॉडल गांव के रूप में विकसित होंगे।”
ग्राम सेवा कार्यक्रम के प्रमुख श्री शिद्धालिंगेश बी ने कहा—
“यह पहल ग्राम स्वराज की अवधारणा पर आधारित है, जिसमें समुदाय स्वयं अपने विकास की ज़िम्मेदारी लेता है। हम स्थानीय प्रशासन, ग्राम पंचायतों और अन्य हितधारकों से अपील करते हैं कि वे सक्रिय भागीदारी करें, ताकि इस कार्यक्रम का व्यापक प्रभाव हो सके।”
सुविधा के सी ई ओ दीपक पांडे ने आभार व्यक्त करते हुए कहा—
“ग्राम सेवा कार्यक्रम के शुभारंभ ने स्थानीय समुदायों में नई ऊर्जा और अवसर प्रदान किए हैं। हम इस गति को बनाए रखते हुए जमीनी स्तर पर दीर्घकालिक स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”
कार्यक्रम के दौरान कल्याणकारी उपायों के तहत मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई, वहीं हाईस्कूल की छात्राओं को साइकिलें और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।