आर्य वीरांगना दल बस्ती ने यज्ञ कर मनाया झलकारी बाई का 196वां जन्मोत्सव
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती। आर्य समाज, नई बाजार बस्ती में रविवार को आर्य वीरांगना दल बस्ती की ओर से वैदिक यज्ञ कर 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की महान योद्धा वीरांगना झलकारी बाई का 196वां जन्मदिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत योग शिक्षक नितीश कुमार ने विधि-विधान से वैदिक यज्ञ संपन्न कराकर की। उन्होंने यज्ञ के माध्यम से देश में झलकारी बाई जैसी साहसी व राष्ट्रभक्त नारियों के उद्भव की कामना की तथा सभी से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आर्य वीरांगना दल बस्ती की जिला संचालिका महिमा आर्य ने कहा कि वीरांगना झलकारी बाई 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की अद्वितीय योद्धा थीं और झाँसी की रानी लक्ष्मीबाई की नियमित महिला सेना ‘दुर्गा दल’ की सेनापति रहीं। उन्होंने कहा कि आज यदि भारत की एक प्रतिशत बेटियां भी झलकारी बाई जैसी शौर्य कीर्ति वाली हो जाएं, तो सरकार को महिला सुरक्षा की चिंता ही न करनी पड़े, बल्कि बेटियां राष्ट्र निर्माण में सशक्त और निर्णायक भूमिका निभा सकेंगी।
इस अवसर पर आर्य समाज नई बाजार बस्ती के प्रधान ओम प्रकाश आर्य ने अपने वक्तव्य में कहा कि वीरांगना झलकारी बाई का जीवन त्याग, साहस और स्वाभिमान की जीवंत गाथा है। रानी लक्ष्मीबाई की हमशक्ल बनकर अंग्रेजों को चकमा देने और रानी को सुरक्षित निकालने में उन्होंने जो अदम्य साहस दिखाया, वह भारतीय इतिहास में स्वर्णाक्षरों में दर्ज है। आज के दौर में युवाओं और विशेषकर मातृशक्ति को उनके आदर्शों को अपनाकर समाज व राष्ट्र की सेवा के लिए आगे आना चाहिए।
कार्यक्रम में वीरांगना झलकारी बाई के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि 22 नवंबर 1830 को झाँसी के पास भोजला गाँव में जन्मी झलकारी बाई ने बचपन से ही कठिन परिस्थितियों में घुड़सवारी, तलवारबाजी और शस्त्र संचालन में दक्षता हासिल की। ‘दुर्गा दल’ का नेतृत्व करते हुए उन्होंने महिलाओं को युद्ध के लिए प्रशिक्षित किया और 1858 में झाँसी के किले की घेराबंदी के दौरान रानी लक्ष्मीबाई के वेश में युद्ध की कमान संभालकर अंग्रेज सेनापति जनरल ह्यूरोज़ को भ्रमित किया, जिससे रानी लक्ष्मीबाई अपने दत्तक पुत्र दामोदर राव के साथ सुरक्षित निकल सकीं।
इस अवसर पर राधा देवी, परी, गरुण ध्वज पाण्डेय, नवल किशोर चौधरी, शिव श्याम, धर्मेंद्र कुमार, विश्वनाथ आर्य, रजनीश चौधरी और डॉ. धर्मेंद्र गुप्ता सहित अनेक गणमान्यजन व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







Views Today : 6576
Who's Online : 15