लिटिल फ्लावर्स स्कूल बस्ती के कटरा व मधुपुरम ब्रांच में मेधावियों के साथ अभिभावकों को भी किया गया सम्मानित, प्रशस्ति चिह्न पाकर खिले विद्यार्थियों के चेहरे
लवकुश सिंह संवाददाता
अनुराग लक्ष्य न्यूज बस्ती
बस्ती । शनिवार को जनपद के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान लिटिल फ्लावर्स स्कूल बस्ती के कटरा व मधुपुरम ब्रांच में शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का आयोजन किया गया। जिसमें प्ले वे से कक्षा 11वीं तक के बच्चों का अर्द्ध वार्षिक परीक्षा-परिणाम घोषित करने के साथ-साथ अंक पत्र वितरित किया गया। तथा अपनी-अपनी कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ अभिभावकों को भी सम्मानित किया गया। जिसमें शत-प्रतिशत छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों ने भी अपनी सहभागिता दर्ज करायी।
सम्मेलन का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक श्री सुरेंद्र प्रताप सिंह जी, निदेशक श्री राहुल सिंह जी एवं प्रधानाचार्या श्रीमती अपर्णा सिंह व श्री मती वंदना सिंह जी ने संयुक्त रूप से दीप-प्रज्वलन, माँ सरस्वती की पावन प्रतिमा एवं विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीया श्रीमती मधुरानी सिंह जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन करके किया। तत्पश्चात् कक्षा 7वीं की छात्राओं ने अपने सहयोगियों के साथ देवतुल्य अभिभावकों के सम्मान में शानदार स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
तत्पश्चात् अंक पत्र एवं प्रशस्ति चिह्न वितरण किया गया। जिसे पाकर अभिभावकों सहित विद्यार्थियों के चेहरे की चमक ने पूरे वातावरण को गौरवमय बना दिया। विद्यालय परिसर में प्रत्येक अभिभावक के मुख से विद्यालय का अनुशासित वातावरण, संस्कार युक्त शिक्षा, शिक्षण में प्रयुक्त होने वाली अत्याधुनिक तकनीकी के साथ उच्च गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आदि की प्रशंसा सर्वत्र सुनाई दे रही थी। अपनी-अपनी कक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार 🏆 देकर सम्मानित किया गया । इस अवसर पर प्रबंधक महोदय ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व का समग्र विकास एवं अभिभावकों की पूर्ण संतुष्टि ही हमारा सर्वोपरि लक्ष्य है। जिसमें प्राप्त सफलता हमें अपने लक्ष्य की ओर उत्तरोत्तर अग्रसर होने में उत्साहित करती है एवं मार्ग प्रशस्त करती है। अंत में प्रबंधक महोदय ने परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। 
इस अवसर पर कक्षा 1वीं की छात्रा अन्वी बरनवाल के अभिभावक श्री अनूप बरनवाल ने कहा कि शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन छात्रों की सफलता में एक सेतु का काम करता है जो बच्चों को उचित दिशा प्रदान करता है। अभिभावक श्री सुरेन्द्र प्रसाद यादव ने बच्चों के प्रति विद्यालय के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि आज विद्यालय में बच्चों के बहुमुखी प्रतिभा का विकास हो रहा है। प्रबंधन तंत्र के समर्पण की सराहना करते हुए अभिभावक रश्मि श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय परिसर में स्वच्छ, सुरक्षित और अनुशासित वातावरण के साथ-साथ आधुनिक शिक्षण सामग्री का प्रयोग किया जाता है, जिससे बच्चों का समग्र विकास विकसित होता है।
सम्मेलन के समापन की घोषणा करते हुए प्रधानाचार्या महोदया ने सभी अभिभावकों का सादर आभार ज्ञापित किया। अपने सारगर्भित और प्रेरक संबोधन में कहा कि विद्यालय सभी अभिभावकों, छात्रों, समाज व राष्ट्र की अपेक्षा के अनुरूप अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रहा है तथा आगे भी करता रहेगा। अंत में उन्होंने उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा सभी विद्यार्थियों को उत्कृष्ट अंक लाने के लिए प्रेरित किया।
सम्मेलन का संचालन विद्यालय की वरिष्ठ समन्विका सुश्री निष्ठा पाण्डेय ने कुशलतापूर्वक किया। इस अवसर पर तन्मय पाण्डेय, वैभव पाण्डेय, राजमणि वर्मा, सुभाष मणि तिवारी, बृजेश श्रीवास्तव, मधु सिंह, श्रद्धा सिंह, अर्पिता सिंह रीतिका श्रीवास्तव , रीना पांडे , शशि पांडेय आदि समन्वयक/समन्विका, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित विद्यालय के अन्य शिक्षणेत्तर कर्मचारी मौजूद रहे।






Views Today : 7400
Who's Online : 18