*साहित्य उपवन रचनाकार मंच के भव्य चतुर्थ वार्षिकोत्सव का आयोजन*
‘साहित्य उपवन रचनाकार मंच’ हर वर्ष की भाँति इस बार भी अपने चतुर्थ वार्षिकोत्सव का भव्य आयोजन रविवार, 22 नवंबर 2026 को शंभु दयाल इंटर कॉलेज, गाजियाबाद में करने जा रहा है। इस अवसर का विशेष एवं मुख्य आकर्षण ‘उपवन लघुकथा मंजरी’ पुस्तक का विमोचन है, जो 45 साहित्य साधकों की रचनाओं के भाव-पुष्पों से सुसज्जित है।
इस साहित्यिक महायज्ञ में देश के मूर्धन्य एवं प्रतिष्ठित साहित्य-सेवियों का सान्निध्य प्राप्त होना मंच के लिए परम सौभाग्य का विषय है। कार्यक्रम में डॉ. रामावतार बैरवा मुख्य अतिथि, डॉ. ओम प्रकाश प्रजापति विशिष्ट अतिथि, डॉ. अशोक भाटिया व डॉ. शील कौशिक सारस्वत अतिथि तथा डॉ. देवेंद्र देव गरिमामयी अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। इस भव्य आयोजन का कुशल संचालन देश की सुप्रसिद्ध साहित्यकारा डॉ. निवेदिता शर्मा द्वारा किया जाएगा, जो मंच के लिए गौरव की बात है।
समारोह में पधारे सभी साहित्यकारों एवं मनीषियों को सम्मान से अलंकृत किया जाएगा तथा उनके विचार और भाव सुनने का स्वर्णिम अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों के लिए सुरुचिपूर्ण भोजन की व्यवस्था भी की गई है।
देश के विभिन्न प्रांतों से साहित्यकार इस आयोजन के साक्षी बनने पधार रहे हैं। इस पावन पर्व के मुख्य आधार गुरुदेव डॉ. राकेश सक्सेना एवं डॉ. सुनीता सक्सेना के मार्गदर्शन तथा समन्वयक आ. जगदीश गोकलानी, अध्यक्ष/संस्थापक डॉ. रोहित रोज, कार्यकारी अध्यक्षा व व्यवस्थापिका संगीता मिश्रा, सह-अध्यक्षा आ. अंशी कमल, सचिव डॉ. सुधा बसोर ‘सौम्या’, उप-सचिव आ. कमला उनियाल, सह-सचिव आ. नंदन राणा ‘नवल’, कोषाध्यक्ष डॉ. आर. डी. गौतम ‘विनम्र’, दैनिक आयोजन प्रभारी आ. रश्मि शुक्ल, विवेचन प्रभारी आ. शशिकला नायक, मीडिया प्रभारी डॉ. कृष्ण कांत मिश्र और अलंकरण प्रभारी आ. सुभाष कुशवाहा के अथक प्रयासों से यह आयोजन भव्य एवं दिव्य रूप ले रहा है।
पिछले एक माह से साहित्य जगत में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह है और कल इसका सजीव स्वरूप देखने को मिलेगा। मंच के अध्यक्ष डॉ. रोहित रोज ने कहा कि उपवन का चतुर्थ वार्षिकोत्सव एक अनुपम एवं स्नेहिल मिलन समारोह है, जिसमें साहित्य जगत की श्रेष्ठ विभूतियाँ अपने आशीर्वाद से मंच को समृद्ध करेंगी, ताकि यह उपवन सदा पुष्पित और पल्लवित होता रहे।
साहित्य के इस पुनीत पर्व पर सभी साहित्यप्रेमी एवं सुधीजन सादर आमंत्रित हैं।







Views Today : 5159
Who's Online : 14