जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर / महुली – महुली थाना क्षेत्र में एक युवती के साथ गंभीर आपराधिक वारदात का मामला सामने आया है। पीड़िता के अनुसार, बीती रात तीन युवक उसके घर में घुस आए और उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश की। शोर सुनकर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को पकड़ लिया और तत्काल पुलिस को सूचना दी।
घटना 2 और 3 जून की दरम्यानी रात करीब 3 बजे की है। पीड़ित युवती के मुताबिक, वह अपने घर में सो रही थी, तभी बस्ती जिले के रहने वाले तीन युवक उसके घर में घुस आए। आरोप है कि उन्होंने युवती का मुंह दबाकर अश्लील हरकतें करनी शुरू कर दीं। पीड़िता के विरोध और शोर मचाने पर परिजन जागे और तीनों युवकों को पकड़कर महुली पुलिस के हवाले कर दिया।
महुली थाना प्रभारी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला संबंधी अपराधों को गंभीरता से लिया जा रहा है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही, तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जल्द ही घटना से संबंधित अन्य साक्ष्य एकत्र किए जाएंगे। इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने घटना की कड़ी निंदा की है।