लखनऊ सीबीआई कार्यालय में धनुष-बाण से हमला, एएसआई घायल, आरोपी हिरासत में

लखनऊ(आरएनएस )। राजधानी लखनऊ स्थित सीबीआई कार्यालय में गुरुवार दोपहर एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां एक व्यक्ति ने गार्ड ड्यूटी पर तैनात एएसआई वीरेंद्र सिंह पर धनुष-बाण से हमला कर दिया। यह घटना करीब 11:15 बजे की बताई जा रही है।हमले में घायल हुए एएसआई को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना की सूचना पर हजरतगंज थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।पुलिस ने हमलावर को मौके से हिरासत में ले लिया है और पूछताछ जारी है। हजरतगंज थाने में प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी की मंशा क्या थी और उसके पास धनुष-बाण कैसे आया।इस असामान्य हमले से सीबीआई कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।