जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर।सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2025 के परिणामों में संतकबीरनगर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सूर्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खलीलाबाद के छात्र-छात्राओं ने एक बार फिर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का मान बढ़ाया है। हाई स्कूल और इंटरमीडिएट दोनों परीक्षाओं में सूर्या परिवार के विद्यार्थियों ने टॉप टेन सूची में स्थान प्राप्त किया है।
विद्यालय के शानदार प्रदर्शन के बाद प्रधानाचार्य रविनेश श्रीवास्तव ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने परीक्षा परिणाम को बेहतर ढंग से प्रकाशित करने वाले सभी सम्मानित समाचार पत्रों, सोशल मीडिया पत्रकारों और मीडिया कर्मियों को भी धन्यवाद ज्ञापित किया।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी हाई स्कूल परीक्षा में सफल होकर कक्षा 11वीं में प्रवेश लेने वाले सभी विद्यार्थियों को विद्यालय परिवार की ओर से निःशुल्क टैबलेट वितरित किए जाएंगे। यह परंपरा हर वर्ष की भांति इस बार भी जारी रहेगी।
रविनेश श्रीवास्तव ने कहा, “यह परिणाम न केवल विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत का नतीजा है, बल्कि उनके शिक्षकों की निरंतर प्रेरणा और मार्गदर्शन का भी फल है। हमारा लक्ष्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कारयुक्त वातावरण देना है।”
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंध निदेशक डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने भी शिक्षकों और छात्रों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सूर्या स्कूल विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए आधुनिक तकनीक और डिजिटल शिक्षा प्रणाली का भरपूर उपयोग कर रहा है।
ग्रीष्मकालीन अवकाश के उपरांत विद्यालय 24 जून से पुनः आरंभ होगा और नए सत्र की कक्षाएं संचालित की जाएंगी। वहीं, प्रवेश प्रक्रिया लगातार जारी है और ग्रीष्मकालीन अवकाश में भी अभिभावक विद्यालय पहुंचकर अपने बच्चों का नामांकन करा सकते हैं।
डॉ. चतुर्वेदी ने आगे कहा कि सूर्या विद्यालय की प्राथमिकता सिर्फ परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि छात्रों को एक बेहतर नागरिक बनाना भी है।