आधी आबादी का शक्ति केंद्र साबित होगा नवसृजित पिंक बूथ

बस्ती: आधी आबादी के साथ जब भी कोई भी अपराध होता है तो महिलाएं थाने व चौकी जाती हैं जहां प्रभारी के साथ अधिकांश पुलिस कर्मी पुरुष ही होते हैं। महिला थाना सिर्फ एक है और यहां सिर्फ पारिवारिक मामलों की सुनवाई होती है। यह समस्या दूर करने के लिए जिले में चार पिंक बूथ और पिंक मोबाइल शुरू हो गया है। यहां पर भी जरूरत पड़ने पर थानों व रिपोर्टिंग पुलिस चौकी की तरह यहां विधिक कार्रवाई के साथ बेहतर काउंसलिग की जाएगी। हालांकि अभी पिंक बूथ की मानीटरिंग संबधित थाने से ही होती रहेगी। हर बूथ अलग से एक काउंसलर बैठाने की भी कवायद चल रही है। पाइलट प्रोजेक्ट के तहत अभी सर्किल स्तर पर पुलिस उपमहानिरीक्षक दिनेश कुमार पी व एसपी अभिनन्दन के विशेष प्रयास से आरंभ हुआ है। इसके बाद इसे आगे चल कर थानास्तर पर शुरू करने की बात कही जा रही है।

इन महिला कर्मियों की हुई पिंक बूथ पर तैनाती
जनपद में संचालित चार पुलिस पिंक बूथों पर सिर्फ महिला पुलिसकर्मी तैनात की गई हैं। कोतवाली थाने में बने पिंक बूथ पर प्रभारी उपनिरीक्षक रानी पांडेय को बनाया गया है। इनके साथ महिला आरक्षी पूजा पाठक, शशि दुबे, शिल्पी शर्मा, अमरावती,शिवानी बाजपेयी, गुरुप्रीत कौर, संध्या मिश्रा, दीपशिखा सिंह तैनात हैं। रुधौली पिंक की प्रभारी सरोज बाला, आरक्षी नीलम शुक्ला,सपना यादव,अनुराधा, रेनु यादव, अंतिम यादव, अंजु राजभर, रीना गौड़ व रिचा सिंह पोस्ट हैं। हर्रैया पिंक बूथ की प्रभारी हौसिली देवी, आरक्षी अर्चना यादव, नूतन यादव, दीप्ति सिंह,रागिनी अवस्थी, बबिता कुमारी, केश कुमारी, रीता चौहान, सोनाली तिवारी तैनात हैं। इसी तरह नगर पिंक बूथ पर प्रभारी संजू यादव, महिला आरक्षी कल्पना रावत, गायत्री, बिन्देश्वरी, पिंकी यादव,खुश्बू, मनोरमा सरोज, निकिता व श्वेता चौरसिया को पिंक बूथ की अहम जिम्मेदारी पुलिस कप्तान ने रखी है। इसके अतिरिक्त चार एसआई सभी चार बूथों पर अलग से तैनात किए गए हैं।

पिंक बूथ वाला रेंज का पहला ऐसा जिला बना बस्ती
पिंक पुलिस बूथ पुलिस परिक्षेत्र का पहला जनपदबस्ती बना है। अभी तक संतकबीरनगर व सिद्धार्थनगर जिले में एक भी पिंक बूथ नहीं है। सभी बूथ पर अलग से पेट्रोलिंग के लिए नई जीप भी उपलब्ध कराई गई है। बूथ पर आने वाली पीड़ित सभी महिलाओं का पूरा डाटा रखा जाएगा ताकि घरेलू हिंसा के मामले में यह रिकार्ड रहे कि पीड़िता के साथ कब-कब उत्पीड़न हुआ है।

जानिए कहां है आपका पिंक बूथ
:सदर सर्किल के वाल्टरगंज, पुरानी बस्ती व कोतवाली थानाक्षेत्र के संबंधित महिलाओं की समस्या का निवारण कोतवाली स्थित पिंक बूथ पर होगा।
हर्रैया सर्किल के हर्रैया, छावनी, परसरामपुर, गौर व पैकोलिया थानाक्षेत्र के संबंधित महिलाओं की समस्या का निवारण थाना हर्रैया स्थित पिंक बूथ पर होगा।रुधौली सर्किल के सोनहा, रुधौली, मुंडेरवा, व लालगंज थानाक्षेत्र के संबंधित महिलाओं की समस्या का निवारण थाना रुधौली स्थित पिंक बूथ पर होगा।कलवारी सर्किल के नगर, कलवारी, दुबौलिया, व कप्तानगंज थानाक्षेत्र के संबंधित महिलाओं की समस्या का निवारण नगर बाजार स्थित पिंक बूथ पर होगा।

अपराध होने पर महिला जिस भी थाना क्षेत्र में रहती हैं, वहां के संबंधित पिंक बूथ पर जाकर अपनी समस्या बता सकती हैं। उनकी शिकायत लेकर महिला पुलिस त्वरित मदद पहुंचाएगी। जिले व सर्किल स्तर पर भी महिला से जुड़े मामले संबंधित पिंक बूथ के संदर्भित करने का निर्देश सभी सर्किल अफसरों को दे दिया गया है। बूथ को लोकल थाना मानिटर करेगा।