पत्रकारों संग की पहली प्रेसवार्ता, महिला सुरक्षा को दी पहली प्राथमिकता
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर, नवागत पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने गुरुवार को रिजर्व पुलिस लाइन स्थित सभागार में जनपद के पत्रकारों के साथ पहली प्रेसवार्ता की। इस अवसर पर उन्होंने पत्रकारों से परिचय कराते हुए जनपद में कानून-व्यवस्था सुधार के अपने प्राथमिकता क्रम को स्पष्ट किया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि महिला सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके साथ ही गोवध व गोतस्करी, लूट, चोरी, अवैध शराब निष्कर्षण व परिवहन जैसे अपराधों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि अपराधियों में पुलिस का खौफ और आम जनता में पुलिस के प्रति सम्मान होना चाहिए। पुलिस का उद्देश्य भयमुक्त समाज की स्थापना और जनता से संवाद स्थापित कर अपराधों की रोकथाम करना है।
उन्होंने साफ किया कि माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस की टीम एकजुट होकर अपराधों पर लगाम लगाएगी और हर सूचना पर त्वरित रिस्पांस सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही साइबर क्राइम, जुआ, व अवैध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी।
संघर्ष से सफलता तक: जानिए एसपी संदीप कुमार मीणा की प्रेरणादायक कहानी
राजस्थान के दौसा जिले के निवासी संदीप कुमार मीणा की सफलता की कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा है। एक समय था जब उनके परिवार को भी विश्वास नहीं था कि वे UPSC जैसी कठिन परीक्षा पास कर पाएंगे, लेकिन संदीप ने लगातार पांच प्रयासों के बाद वर्ष 2018 में ऑल इंडिया रैंक 857 प्राप्त कर सिविल सेवा परीक्षा में सफलता पाई।
हाईस्कूल में अच्छे अंक प्राप्त करने के बाद इंटरमीडिएट और ग्रेजुएशन में संदीप का पढ़ाई में मन नहीं लगा। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी। अपने चाचा की सलाह पर UPSC की तैयारी के लिए दिल्ली का रुख किया, भले ही घरवाले इसके पक्ष में नहीं थे। पहले चार प्रयासों में वे इंटरव्यू तक पहुंचे, पर फाइनल चयन नहीं हो सका।
फिर भी उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। सात वर्षों तक कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच के साथ संदीप ने आखिरकार सफलता का परचम लहराया। उनका मानना है कि कोई भी छात्र चाहे किसी भी पृष्ठभूमि से हो, यदि सही दिशा में मेहनत करे तो सफलता निश्चित है।
प्रेसवार्ता के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, प्रतिसार निरीक्षक रजनीकान्त ओझा, पीआरओ दुर्गेश कुमार पाण्डेय समेत अन्य पुलिस अधिकारीगण मौजूद रहे।