घर के पीछे अमले के पेड़ पर लटकता मिला युवक का शव

 

संतकबीर नगर: बखिरा थाना के बंजरिया गांव में रविवार को सुबह के समय इसी गांव के एक युवक का शव अमला के पेड़ पर लटकता हुआ मिला। कुछ लोगों ने यह दृश्य देखने के बाद शोर मचाया। इस पर गांव के तमाम लोग मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना मुकामी पुलिस को दी। पुलिस ने मृतक के स्वजन व गांव के अन्य लोगों से पूछताछ की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बहरहाल यह हत्या है या फिर आत्महत्या ? इसको लेकर दबी जुबां गांव के लोग तरह-तरह की चर्चा कर रहे हैं।

बखिरा थाना के बंजरिया गांव निवासी 23 वर्षीय कृष्णा निषाद पुत्र रामछैल की शादी नहीं हुई थी। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह मुंबई में रहकर फर्नीचर का काम करता था। इससे वह अपना व अपने परिवार के सदस्यों का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। वह चार दिन पूर्व मुंबई से घर आया था। वह बीते शनिवार की रात भोजन करने के बाद घर के बाहर लेटा हुआ था। वहीं परिवार के अन्य सदस्य अंदर लेटे हुए थे। रविवार को सुबह के करीब छह बजे गांव के कुछ लोग बाहर निकले थे। इन्होंने कृष्णा निषाद को उसके घर के पीछे अमला के पेड़ पर लटका हुआ देखा। इनके शोर मचाने पर परिवार के सदस्य व गांव के लोग मौके पर पहुंचे। इसकी सूचना लोगों ने पुलिस को दी। मृतक के पिता रामछैल निषाद, मां दुर्गावती के अलावा परिवार के अन्य सदस्य रोने-बिलखने लगे। थानाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह अपने सहयोगी उप निरीक्षक राजेश कुमार, आरक्षी अंगद यादव के साथ मौके पर पहुंचे। पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर ही मृत्यु का कारण स्पष्ट हो पाएगा। इसी के आधार पर आगे आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।