बस्ती: अयोध्या फोरलेन पर कप्तानगंज के निकट अनियंत्रित अज्ञात कार की चपेट में आकर एक अन्य कार व दो बाइक क्षतिग्रस्त हो गए। कार व बाइक चालक समेत तीन लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार अज्ञात कार ने पहले बाइक को ठाेकर मारी उसके बाद बाइक अनियंत्रित होकर दूसरी दिशा से बस्ती की तरफ आ रहे कार व उसके पीछे आ रही बाइक से टक्कर हो गई। कार चालक ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया फिर भी बोनट में फंसकर बाइक को सौ मीटर घसीट ले गई। घटना में दोनों बाइक व कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने सड़क से उठाकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। कार चालक की पहचान गोरखपुर जिले के रामगढ़ताल थानाक्षेत्र के तारामंडल निवासी 45 वर्षीय आशीष श्रीवास्तव पुत्र पारस श्रीवास्तव के रूप में हुई। वह लखनऊ से बांसी, सिद्धार्थनगर जा रहे थे। 65 वर्षीय घायल बाइक चालक हरैया थानाक्षेत्र के परिवारपुर गांव निवासी विजय बहादुर सिंह व दूसरे बाइक चालक हर्रैया क्षेत्र के बड़हर कला गांव निवासी 35 वर्षीय नीलेश पांडेय को चेहरे व गर्दन में चोट आई। गनीमत थी कि दोनों बाइक चालक हेलमेट लगाए हुए थे।