मुख्य अतिथि सूर्या ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर डा उदय प्रताप चतुर्वेदी और एसआर के एमडी राकेश चतुर्वेदी ने नौनिहालों को दी बधाई
जितेन्द्र पाठक
संतकबीरनगर: जिले के नाथनगर स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान एसआर इंटरनेशनल एकेडमी में शनिवार को शैक्षणिक सत्र दो हजार चौबीस पच्चीस का वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया। परीक्षा परिणाम के साथ ही टॉप रैंकर्स को सम्मानित करने के लिए विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रबंधन समिति द्वारा रैंकर्स को आकर्षक पुरस्कार वितरित किए गए, जिससे छात्रों और उनके अभिभावकों के चेहरे खिल उठे।
रैंकर्स को मिले आकर्षक पुरस्कार
क्लास 6 से 11वीं तक के टॉप रैंकर्स को साइकिलें प्रदान की गईं, जबकि जूनियर और नर्सरी के छात्रों को हैंड वॉच, वॉल वॉच और टिफिन बॉक्स वितरित किए गए। इस अवसर पर शिक्षक-अभिभावक सम्मेलन का भी आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों की प्रगति रिपोर्ट साझा की गई। अपने बच्चों की सफलता को देखकर अभिभावकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
मुख्य अतिथियों ने छात्रों को दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सूर्या ग्रुप के चेयरमैन डॉ. उदय प्रताप चतुर्वेदी ने छात्रों की मेहनत और सफलता की सराहना करते हुए कहा, “इस ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं ने अपने शैक्षणिक करियर को ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए अथक परिश्रम किया है।” उन्होंने छात्रों को नए शैक्षणिक सत्र में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।
एसआर इंटरनेशनल एकेडमी के एमडी राकेश चतुर्वेदी ने आश्वस्त किया कि आने वाले सत्र में संस्थान की शिक्षण प्रणाली नए कलेवर में नजर आएगी और छात्रों को सर्वश्रेष्ठ संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने कहा, “अगर अभिभावक, शिक्षक और छात्र मिलकर कार्य करें, तो कोई भी बाधा उन्हें सफलता की बुलंदी पर पहुंचने से नहीं रोक सकती।”
नए सत्र के लिए तैयारियां शुरू
सहायक प्रबंधक मनोज कुमार पांडेय ने छात्रों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 4 अप्रैल तक नामांकन सुनिश्चित कर लिया जाए, ताकि नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। उन्होंने जानकारी दी कि 4 अप्रैल से नए शैक्षणिक सत्र की पढ़ाई प्रारंभ कर दी जाएगी।
कार्यक्रम की भव्यता
इस भव्य समारोह की शुरुआत मां सरस्वती और संस्थापक पं. सूर्य नारायण चतुर्वेदी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव, पीजी कॉलेज के प्राचार्य वेद प्रकाश पांडेय, असिस्टेंट डायरेक्टर मनोज कुमार पांडेय, प्रधानाचार्य दुर्गेश गोस्वामी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
इस कार्यक्रम में शिक्षक, शिक्षिकाओं के साथ अभिभावक और छात्र-छात्राएं भी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।