बस्ती। लालगंज थाना क्षेत्र के कछुवाड़े निवासी अशोक कुमार पाल ठगी का शिकार हो गए। उनके अनुसार लालगंज कस्बा में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के लिए मकान की आवश्यकता का समाचार पत्र में विज्ञापन निकला। जिसके बाद वे बैंक के बड़ेवन स्थित क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, बैंक अधिकारियों से मिलकर अपना मकान किराए पर देने के सम्बन्ध में बात की। इसके बाद बैंक अधिकारीउनके घर मौका मुआयना करने पहुंचे। बैंक अधिकारी के गाड़ी के ड्राइवर वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के गंधरिया गजराज निवासी राममोहन उर्फ राजन ने अपना मोबाइल नम्बर देते हुए मकान में बैंक करवा देने का भरोसा दिलाया। कहा कि इसके लिए कुछ खर्च करना पड़ेगा। दूसरे दिन बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय पर पहुंचने पर बैंक के अधिकारी व उनका ड्राइवर मिला। ड्राइवर राम मोहन ने कहा कि तीन लाख रूपया लगेगा, मकान में बैंक शाखा हो जाएगी। इसके बाद उसने अपने भतीजे अतुल पाल के खाते से राम मोहन के खाते में कई बार में दो लाख रूपए भेजे, एक लाख रूपया विभिन्न तिथियों में उसे नगद दिया। इसके बाद शाखा खोलने के लिए उसने फर्जी कागजात व बैंक शाखा का नक्शा तथा सहमत पत्र दिया। जब कुछ दिन बाद लालगंज में बैंक शाखा की ब्राच दूसरे के मकान में खोलने की स्वीकृति हो जाने की सूचना मिली तो उसने उससे सम्पर्क कर अपना रूपया वापस मांगा, जिस पर उसने गाली और जान से मारने की धमकी दी। दिया गया रूपया वापस देने से इंकार कर दिया। मामले में तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ बीएनएस की सुसंगत धाराओं के तहत धोखाधड़ी, गबन, जानमाल की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।