परीक्षा देने जा रहे युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मृत्यु

बस्ती गौर- टिनिच रेलवे स्टेशन के बीच केसरई गांव में स्थित रेलवे समपार फाटक के समीप रेलवे ट्रैक पार करते समय परीक्षा देने जा रहे विद्यार्थी की ट्रेन की चपेट में आने से मौके पर ही मृत्यु हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस छानबीन में जुटी हुई है। पैकोलिया थाना क्षेत्र के औरातोंदा गांव निवासी शिवम पुत्र चैतू 16 वर्ष मंगलवार की सुबह अपने घर से परीक्षा देने के लिए आमा टिनिच के लिए निकला था।अभी वह गौर थाना क्षेत्र के केसरई गांव में स्थित रेलवे समपार फाटक के लगभग 100 मीटर पश्चिम पंहुच रेलवे लाइन पार कर रहा था कि इसी बीच अप ट्रैक पर गोरखपुर से चलकर लखनऊ होते हुए प्रयागराज जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन आ गई ।जिसकी चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई । घटना की सूचना ट्रेन के ड्राइवर ने मेमो देकर स्टेशन अधीक्षक को फिर स्टेशन अधीक्षक ने गौर पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस शवको कब्जे में लेकर पहचान करने में जुट गई। बाद में दिवंगत के जेब में पाए गए प्रपत्रों के आधार पर उसकी पहचान हुई। गौर थाना के सबइंस्पेक्टर विनय सिंह ने बताया कि घटनास्थल पर दिवंगत के स्वजन पहुंच गए हैं उन्होंने बताया कि शिवम पैकोलिया थाना क्षेत्र के लाल बहादुर शास्त्री इंटर कॉलेज मुसहा मूसा का कक्षा 10 का छात्र था सुबह घर से हाई स्कूल परीक्षा देने के लिए आम टिनीच मैं स्थित जवाहरलाल इंटर कालेज मोटरसाइकिल से जा रहा था। हालांकि मोटरसाइकिल रेलवे ट्रैक से कुछ दूर खड़ी पाई गई।