जिलाधिकारी ने साधन सहकारी समिति, विजय गांव का किया आकस्मिक निरीक्षण, उर्वरक वितरण एवं स्टॉक व्यवस्था का लिया जायजा
*स्टॉक एवं वितरण रजिस्टर को नियमित अद्यतन रखने, उर्वरकों के निर्धारित मूल्य का प्रदर्शन करने तथा गोदाम में व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के दिए निर्देश*
अम्बेडकर नगर।जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया ने साधन सहकारी समिति, विजय गांव का आकस्मिक निरीक्षण कर उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण एवं वितरण व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान ज्वाइंट मजिस्ट्रेट/उप जिलाधिकारी अकबरपुर श्रीमती प्रतीक्षा सिंह, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता तथा साधन सहकारी समिति, विजय गांव के ऑपरेटर उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान गोदाम में यूरिया की 1,195 बोरी, डीएपी की 204 बोरी तथा एनपीके की 212 बोरी उपलब्ध पाई गईं। निरीक्षण के समय समिति पर उर्वरकों का वितरण किया जा रहा था। ऑपरेटर द्वारा वितरण रजिस्टर प्रस्तुत किया गया, जबकि स्टॉक रजिस्टर प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इस पर जिलाधिकारी ने अभिलेखों के रखरखाव में नियमितता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी द्वारा मौके पर उपस्थित कृषक कपिल देव, ग्राम डैयाडीह एवं प्रदीप वर्मा, ग्राम नासिरपुर बरवा से उर्वरक खरीद के संबंध में जानकारी ली गई। कृषकों ने बताया कि उन्होंने निर्धारित दर पर दो-दो बोरी यूरिया क्रय की है। इसके अतिरिक्त विक्रय रजिस्टर में दर्ज कृषकों के मोबाइल नंबर के माध्यम से भी उर्वरक क्रय एवं वितरण की जानकारी का सत्यापन किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं समिति ऑपरेटर को निर्देशित किया कि स्टॉक रजिस्टर एवं वितरण रजिस्टर को नियमित रूप से अद्यतन रखा जाए। समिति परिसर में सभी उर्वरकों के निर्धारित विक्रय मूल्य को स्पष्ट रूप से दीवार पर पेंटिंग के माध्यम से प्रदर्शित किया जाए तथा गोदाम में उर्वरकों का रखरखाव सुव्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने तथा कृषकों को निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।





Views Today : 29859
Who's Online : 20