Lucknow
पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक प्रकाश चन्द्र जायसवाल ने आज लखनऊ मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशुतोष गुप्ता और अन्य वाणिज्य अधिकारियों के साथ लखनऊ जंक्शन और गोमतीनगर रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान श्री जायसवाल ने लखनऊ जंक्शन रेलवे स्टेशन पर वेटिंग रूम, रिटायरिंग रूम, टीटीई रनिंग रूम, कैबवे एरिया, आईआरसीटीसी द्वारा संचालित फूड ट्रैक और खानपान स्टॉल, फुट ओवर ब्रिज, बुकिंग कार्यालय सहित स्टेशन पर सफाई व्यवस्था और पेयजल सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने यात्री सुविधाओं के उन्नयन और वाणिज्यिक कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की।इसके बाद, उन्होंने गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने सेकंड एंट्री पर नवनिर्मित स्टेशन भवन, मुख्य सर्कुलेटिंग एरिया, खानपान स्टॉल, फुट ओवर ब्रिज, बुकिंग और आरक्षण कार्यालय सहित सफाई व्यवस्था की जांच की। उन्होंने गोमतीनगर स्टेशन की सेकंड एंट्री से ट्रेनों के सुचारू संचालन को ध्यान में रखते हुए यात्री सुविधाओं को बढ़ाने और टिकट जांच तथा आय वृद्धि के लिए प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।इसके अलावा, जायसवाल ने गोमतीनगर स्टेशन को विश्वस्तरीय यात्री सेवाओं और आधारभूत संरचना के लिहाज से विकसित करने को लेकर रेल भूमि विकास प्राधिकरण के उपमहाप्रबंधक अनूप गुप्ता और अन्य अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया।इस अवसर पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक प्रथम, सहायक वाणिज्य प्रबंधक द्वितीय सहित अन्य रेलवे कर्मचारी भी उपस्थित रहे।