जिलाधिकारी की अध्यक्षता में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित, ओवररेटिंग एवं कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश
*थोक विक्रेताओं, एग्री जंक्शन एवं सहकारी समितियों पर उर्वरक की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्टॉक एवं बिक्री रजिस्टर अद्यतन रखने के दिए निर्देश*
अम्बेडकरनगर। जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के थोक विक्रेताओं, एग्री जंक्शन केंद्रों एवं सहकारी समितियों पर उर्वरक की उपलब्धता तथा किसानों को समय से उर्वरक की आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की स्थिति की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी थोक विक्रेता अपने अधीनस्थ डीलरों एवं रिटेलरों को समय से पर्याप्त मात्रा में उर्वरक उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, ताकि किसानों को कृषि कार्यों के लिए उर्वरक प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी उर्वरक की ओवररेटिंग, कालाबाजारी अथवा अनियमित बिक्री की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सभी उर्वरक विक्रेताओं एवं सहकारी समितियों को स्टॉक रजिस्टर तथा बिक्री रजिस्टर नियमित रूप से अद्यतन रखने, उर्वरकों का व्यवस्थित ढंग से भंडारण एवं रखरखाव सुनिश्चित करने तथा सभी दुकानों एवं समितियों पर उर्वरकों की निर्धारित दरों की स्पष्ट एवं पठनीय रेट लिस्ट प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उर्वरक की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने तथा किसानों को निर्धारित मूल्य पर सुगमतापूर्वक उर्वरक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में उप निदेशक कृषि, जिला कृषि अधिकारी, सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता (एआर कोऑपरेटिव) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।






Views Today : 29821
Who's Online : 25