लखनऊ में स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए नगर निगम द्वारा जोन 1, 7, 3 और 6 में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत 30 मैकेनिकल स्वीपिंग मशीनों और मैन्युअल स्वीपिंग के माध्यम से 3280 किलोमीटर सड़क और डिवाइडरों की सफाई की गई, जबकि 450 किलोमीटर की सफाई मैन्युअल तरीके से की गई।अभियान के दौरान मुख्य मार्गों, डिवाइडरों और गलियों में सफाई का कार्य गहन रूप से किया गया। साथ ही, सड़कों पर पड़ी कचरे को वैज्ञानिक तरीके से एकत्रित करके शिवरी प्लांट तक पहुँचाया गया। इस प्रयास का उद्देश्य शहर को साफ और स्वस्थ बनाना है।सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए जोन 3 में 37 नए सफाई कर्मियों की नियुक्ति की गई, और वार्ड 91 (विवेकानन्दपुरी) में सफाई मित्रों द्वारा आवासीय क्षेत्र में सफाई कार्य की शुरुआत की गई।स्वच्छता अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जोन 3 में नुक्कड़ नाटक और जन सभाओं का आयोजन भी किया गया। इन आयोजनों का उद्देश्य नागरिकों को सफाई के महत्व के प्रति जागरूक करना था।अभियान के तहत नागरिकों से अपील की गई कि वे घर से निकलने वाले कचरे को केवल सफाई मित्रों को दें, कचरा सड़कों पर न फेंके, और अपने आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ और सुंदर बनाएं।स्वच्छता अभियान के प्रमुख उद्देश्य के तहत “स्वच्छ लखनऊ, सुंदर लखनऊ” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए नागरिकों की भागीदारी बढ़ाना जरूरी है। नगर निगम ने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे सफाई मित्रों के प्रयासों को सफल बनाने के लिए अपना सहयोग दें और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में योगदान करें।