*यातायात माह के 20वें दिन अम्बेडकरनगर पुलिस द्वारा यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने हेतु विशेष अभियान, अवैध पार्किंग के विरुद्ध कार्रवाई एवं सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन को किया गया जागरूक*
अम्बेडकरनगर।पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में जनपद में संचालित यातायात माह नवम्बर-2026 के अन्तर्गत आमजन को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने तथा सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है।
यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने हेतु विशेष अभियान—
आज दिनांक 20.11.2026 को यातायात माह के 20वें दिन उपसम्भागीय परिवहन अधिकारी सतेन्द्र सिंह यादव एवं प्रभारी निरीक्षक यातायात जयबहादुर यादव द्वारा यातायात पुलिस टीम के साथ जनपद के प्रमुख स्थानों नई सड़क, तहसील तिराहा, रोडवेज एवं पटेल तिराहा पर यातायात जाम की समस्या से निजात दिलाने हेतु विशेष अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान सड़कों पर अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों को हटवाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई गई। साथ ही रिकवरी वैन के माध्यम से सड़क किनारे खड़े चारपहिया वाहनों को हटवाते हुए सम्बन्धित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार प्रवर्तन कार्यवाही कर शमन शुल्क वसूल किया गया।
विद्यालयों में यातायात जागरूकता कार्यक्रम—
इसी क्रम में दिनांक 19.11.2026 को जवाहर नवोदय विद्यालय में यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षित आवागमन के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी प्रदान करते हुए यातायात नियमों के पालन की शपथ दिलाई गई।
यातायात नियमों के पालन हेतु जागरूकता एवं चेकिंग—
अभियान के दौरान आमजन एवं वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीटबेल्ट के अनिवार्य प्रयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने, गलत दिशा में वाहन न चलाने, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन पर प्रतिबंध, अनधिकृत हूटर-सायरन के प्रयोग तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करने के सम्बन्ध में जागरूक किया गया।
साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्यवाही की गई तथा यातायात जागरूकता सम्बन्धी पम्पलेट वितरित किए गए।
यातायात माह के अन्तर्गत प्रवर्तन कार्यवाही का विवरण—
दिनांक 20.11.2026 की कार्यवाही—
यातायात नियमों के उल्लंघन पर कुल 1,157 वाहनों का चालान।
कुल 13 वाहनों से ₹17,500 शमन शुल्क वसूल।
दिनांक 01.11.2026 से 20.11.2026 तक की कार्यवाही—
कुल 11,151 वाहनों का चालान।
ओवरस्पीडिंग में कुल 1,780 वाहनों का चालान।
कुल 121 वाहनों से ₹1,69,500 शमन शुल्क वसूल।
नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध अभियान—
कुल 1,960 वाहनों/चालकों की चेकिंग।
चेकिंग में 23 चालक निर्धारित परीक्षण मानकों के अनुसार पॉजिटिव पाए गए।
सम्बन्धित चालकों का चालान करते हुए कुल ₹2,30,000 का जुर्माना आरोपित किया गया।
पुलिस अधीक्षक अम्बेडकरनगर सुश्री प्राची सिंह के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आमजन को सुरक्षित यातायात उपलब्ध कराने हेतु जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान निरंतर जारी है।
अम्बेडकरनगर पुलिस की अपील—
सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट एवं चारपहिया वाहन में सीटबेल्ट का प्रयोग अवश्य करें। निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा नशे की हालत में वाहन न चलाएं।
यातायात नियमों का पालन करें, सुरक्षित रहें एवं दूसरों को भी सुरक्षित रखें।






Views Today : 29818
Who's Online : 26