बस्ती से असम के लिए चला गेहूं लदा ट्रक बीच रास्ते गायब, ट्रांसपोर्टर, ड्राइवर पर मुकदमा

 

बस्ती। सोनहा थाना क्षेत्र के असनहरा से असम के लिए चला एक गेहूं लदा एक ट्राला बीच रास्ते से ही गायब हो गया। मामले में ट्रांसपोर्टर और ट्रक चालक के खिलाफ धोखाधडी और गबन का मुकदमा दर्ज कराया गया है।
सोनहा थाना पर दी गई तहरीर में गोण्डा जिले के रानी बाजार निवासी निर्मल जैन ने बताया है कि निर्मल टेंडर्स के नाम से उनकी फर्म गोंडा एवं बस्ती जिले में पंजीकृत है। उनके द्वारा 7 जनवरी को एक ट्राला गेहूं वजन 403 कुंतल 90 किलो ट्रक के माध्यम से बस्ती जिले के असनहरा से लोड कर ईस्टर्न रोलर फ्लोर मिल जोरहाट असम भेजा गया, लेकिन एक सप्ताह तक ट्रक का माल पार्टी के यहाँ नहीं पहुंचा तो उसने गोरखपुर जिले के सेक्टर 22 गीडा स्थित गोपाल रोडवेज के ट्रांसपोर्टर से वार्ता की। माल भेजने के लिए ट्रक उससे ही लिया गया था। ट्रांसपोर्टर ने बताया कि गाड़ी पहुंच जाएगी लेकिन गाड़ी नहीं पहुंची। पता चला कि यह गाड़ी गायब हो गई है। ट्रांसपोर्टर को फोन करने पर कोई भी संतोषजनक उत्तर नहीं दिया जा रहा है जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि ट्रांसपोर्टर एवं ड्राइवर ने मिली भगत कर ट्रक पर लदे माल को बेच लिया है। ट्रांसपोर्ट द्वारा प्रदत्त आरसी की जांच कराए जाने पर पता चला कि यह आरसी फर्जी है। मामले में तहरीर के आधार पर गोपाल रोडवेज गीडा के संचालक और ट्रक चालक के खिलाफ अज्ञात नाम,पता के आधार पर बीएनएस, आईपीसी की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस विवेचना कर रही है।