निवेश का प्रमुख गंतव्य बन चुका है उत्तर प्रदेश: नंदी

लखनऊ, उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने आज महाकुंभ नगर के सेक्टर 25 में ‘इन्वेस्ट यूपी’ के पंडाल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रेरक मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सशक्त नेतृत्व में निवेश के लिए सबसे आकर्षक गंतव्य और देश का ग्रोथ इंजन बनकर उभर रहा है।मंत्री नंदी ने अपने संबोधन में कहा कि राज्य की नई औद्योगिक नीतियां, जैसे कि एकल खिड़की प्रणाली और विशेष आर्थिक क्षेत्र, उत्तर प्रदेश को निवेशकों के लिए आदर्श स्थान बना रही हैं। उन्होंने बताया कि इस पंडाल का उद्देश्य प्रदेश को औद्योगिक निवेश का प्रमुख केंद्र बनाना है और निवेशकों को राज्य की उद्योग-हितैषी नीतियों के बारे में जानकारी देना है।इस आयोजन में राज्य की औद्योगिक नीतियों, निवेश योजनाओं और विकास परियोजनाओं को प्रदर्शित किया गया। पंडाल में डिजिटल और इंटरएक्टिव माध्यमों के जरिए निवेश परियोजनाओं, औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख उपलब्धियों को दर्शाया गया। मंत्री नंदी ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सिर्फ औद्योगिक विकास ही नहीं, बल्कि रोजगार के अवसर पैदा करना भी है, जिससे प्रदेश के युवाओं को समृद्धि के अवसर मिलें।मंत्री नंदी ने ‘इन्वेस्ट यूपी’ के पंडाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के 118वें संस्करण को भी पार्टी पदाधिकारियों और मेला क्षेत्र में उपस्थित लोगों के साथ सुना। प्रधानमंत्री मोदी ने महाकुम्भ के महात्म्य और महत्व पर चर्चा की और इसे भारत के जीवंत मानचित्र के रूप में प्रस्तुत किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि महाकुम्भ में विविधता में एकता का उत्सव मना रहा है, जहां संगम की रेती पर पूरे भारत और विश्व के लोग जुट रहे हैं।