महेन्द्र कुमार उपाध्याय
अयोध्या । रामनगरी अयोध्या में जन सुविधाओं का विस्तार जारी है। महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने आज क्षीरेश्वरनाथ मंदिर के पास जलकल परिसर में एक नए हेल्थ एटीएम का उद्घाटन किया। यह हेल्थ एटीएम दर्शन और पूजन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं के लिए वरदान साबित होगा।
इस हेल्थ एटीएम में 40 प्रकार की स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। विशेष रूप से, ईसीजी जांच की सुविधा होने से हृदय रोगियों को तत्काल चिकित्सा मिल सकेगी। महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशानुसार अयोध्या नगर निगम जन सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 18 और हेल्थ एटीएम लगेंगे।
नगर निगम ने आने वाले समय में अयोध्या में 18 और हेल्थ एटीएम स्थापित करने का लक्ष्य रखा है। इससे नगर के सभी निवासियों को स्वास्थ्य सुविधाएं आसानी से उपलब्ध हो सकेंगी। हेल्थ एटीएम के उद्घाटन समारोह में नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा, अपर नगर आयुक्त वागीश शुक्ल, सभासद अनुज दास, अभय श्रीवास्तव, विनय जायसवाल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।